Today Breaking News

Ghazipur: आयुर्वेदिक चिकित्सालय बनेगा आयुष वेलनेस सेंटर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. खानपुर क्षेत्र के इशोपुर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय को आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर के रूप में विस्तारीकरण किया जा रहा है। वाराणसी-गाजीपुर हाईवे के किनारे सिधौना पुलिस चौकी के पीछे स्थित इस सेंटर पर लोगों को आयुर्वेद पद्धति से इलाज के साथ आयुर्वेदिक जड़ी बूटियों संबंधी पैदावार और उपचार की जानकारी भी मिल सकेगी। आयुष बेलनेस सेंटर में लोगों को सेहतमंद रखने के लिए प्रतिदिन एक घंटे योगाभ्यास भी कराया जाएगा।

आयुर्वेदिक चिकित्सक रजनीश यादव ने बताया कि आयुर्वेद में लगभग बारह सौ औषधीय जड़ी-बूटियों का वर्णन है। पीपल, आंवला, नीम, अमरूद, जामुन, अर्जुन, तुलसी, ब्राम्ही, बेंग साग, हल्दी, चिरायता, भुईनीम, सदाबहार, मीठा घास, सहिजन, मुनगाअडूसा, दूधिया घास, गुरची, गिलोय, करीपत्ता, हडजोरा, हर्रे, बहेड़ा, मेथी, चाकोड़ आदि औषधीय गुणों वाले पौधों की बागवानी करने की क्षेत्रीय लोगों को पहचान व लाभ की जानकारी दी जाएगी। आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर के परिसर में कई औषधीय पौधे भी रोपित किए जाएंगे। आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर में खांसी, अस्थमा, जुकाम, कफर ज्वर, भूख न लगना, अपच, टांसिल्स (गलशुंडी), एनीमिया, विष का प्रभाव, शरीर के निचले अंगों से रक्तस्त्राव, कुष्ठ एवं अन्य चर्मरोग, खुजली, विसर्प, गांठे व गिल्टी, सूजन, नाक की हड्डी का बढ़ना, मूत्र रोग, अतिनिद्रा, तद्रा, मिर्गी, उन्माद, दस्त, कान का बहना, चर्बी बढ़ना, नाक, तालु व होंठ का पकना आदि का इलाज किया जाएगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस अस्पताल का विकास किया जा रहा है परंतु इस चिकित्सालय परिसर में जाने का कोई मार्ग ही मौजूद नहीं है। एक सकरी पगडंडी से इस आयुष सेंटर सहित जच्चा बच्चा केंद्र पर बीमार, वृद्ध, मरीज और गर्भवती महिलाएं आती जाती हैं।


 
 '