Ghazipur: संचारी रोगों से बचाव को जागरूक करेंगी आशा कार्यकर्ता - जिलाधिकारी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. राइफल क्लब सभागार में रविवार को संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक की बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को अभियान से संबंधित आख्या प्रत्येक दिन मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि क्षय रोगी, बुखार रोगी, कुपोषित बच्चों, जन्म-मृत्यु पंजीयन तथा दिमागी बुखार से दिव्यांग हुए बच्चों को चिह्नित किया जाएगा। इसमें लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत एक से आठ मार्च तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 10 से 24 मार्च तक दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता द्वारा घर-घर जाकर दस्तक देकर संचारी रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। जिन घरों में 15 वर्ष से कम आयु के बच्चे होगें या टीवी लक्षणयुक्त संभावित रोगी पाए जाएंगे, वहां पर स्टीकर चस्पा किया जाएगा। क्षय रोगियों, बुखार रोगी, कुपोषित बच्चों, जन्म-मृत्यु पंजीयन तथा दिमागी बुखार से दिव्यांग हुए बच्चों को चिह्नित करना है।
पीड़ित लोगों को पास के सीएचसी/पीएचसी से उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहली से 31 मार्च तक प्रतिदिन आशाओं के माध्यम से वीएचएनडी सत्रों पर संचारी रोग संबंधी बैठक, टीकाकरण, दिमागी बुखार केस की निगरानी, उपचार एवं रोगियों के लिए निश्शुल्क 108/102 की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि नगरीय निकायों द्वारा समस्त वार्डाें में प्रतिदिन नाली, नालों की सफाई, कचरा निस्तारण व फागिग के लिए प्रत्येक शनिवार व रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। संचारी रोग के बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। जिला पंचायत विभाग की ओर से अभियान के दौरान सोमवार से रविवार तक ग्रामीण क्षेत्रों में फागिग/ छिड़काव एवं गांवों में विशेष सफाई अभियान के दौरान गलियों, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई के साथ ही प्रभात फेरी, जागरूकता रैली निकाली जाएगी। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव की प्रतिज्ञा, स्वच्छता जागरूकता रैली, स्कूल मेला का आयोजन अभियान के दौरान निर्धारित तिथियों में कराया जाए।
