Ghazipur: IPL 2021 में अंग्रेज गेंदबाजों की खबर लेगा ग़ाज़ीपुर का सूर्यकुमार यादव
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेना, साहित्य, विज्ञान, चिकित्सा आदि के क्षेत्र में जनपद को विश्व पटल पर पहचान मिल चुका है। खेल के क्षेत्र में भी जिले के हाकी, वालीबाल व ताइक्वांडों के खिलाड़ियों की प्रतिभा से हर देशवासी वाकिफ है, लेकिन इस बार कुछ खास हुआ है। सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट में भी गाजीपुर की प्रतिभा निखरने लगी है। अंग्रेज गेंदबाजों की खबर लेने के लिए हथौड़ा गांव निवासी सूर्यकुमार यादव का चयन भारतीय टीम में हुआ है। भारतीय टीम में हथौड़ा के सूर्यकुमार का उदय होने पर रविवार को जिले भर में जगह-जगह मिठाईयां बंटी। गांव पर रहने वाले दादा सेवानिवृत्त सैनिक विक्रम सिंह यादव ने कहा कि देश सेवा करने वाले परिवार का लाल है सूर्यकुमार। देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएगा।
हथौड़ा गांव निवासी अशोक यादव के इकलौते पुत्र सूर्यकुमार का जन्म वैसे तो मुंबई में हुआ है, लेकिन समय मिलते ही वह गांव की मिट्टी की सोंधी खुशबू से रूबरू होने के लिए चले आते हैं। गांव में उनके चहेते दादा सेवानिवृत्त सैनिक विक्रमा सिंह यादव के अलावा चचेरे भाई-बहन रहते हैं। सूर्यकुमार समय-समय पर फोन कर अपने दादा का हाल जानते रहते हैं। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के साथ अपने क्रिकेट प्रतियोगिताओं के बारे में चर्चा करते रहते हैं। जब-जब किसी दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा होती थी कि सूर्यकुमार के पिता अशोक यादव, मां सपना, बहन डिगल, पत्नी देविशा सेट्टी के अलावा गांव में रहने वाले दादा व परिवार के अन्य सदस्यों को उम्मीद रहती थी कि इस बार सूर्यकुमार भारतीय टीम में चयनित हो जाएगा। चयन न होने पर पिता अशोक व दादा विक्रम सिंह यादव कहते थे कि इस बार भी तुम्हारा नाम नहीं आया। तब सूर्यकुमार कहते कि यह कोई परेशानी की बात नहीं है। सूर्यकुमार को अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा था। वह कहता था कि दादा इस बार नहीं हुआ तो अगली बार मौका जरूर मिलेगा। इस बार जैसे ही सूर्यकुमार का नाम 19 सदस्यीय भारतीय टीम में दिखा तो दादा ने खुशी से उछल पड़े। उन्होंने गांव में शोर मचाया अब सूर्या देश के लिए खेलेगा। सीआरपीएफ में नौकरी के दौरान राष्ट्रपति के हाथों पदक से सम्मानित होने वाले सूर्यकुमार के दादा विक्रम सिंह यादव के आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े।
