Ghazipur: मोरंग के खिलाफ चला अभियान, बोगा व जेसीबी सीज
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिलाधिकारी का निर्देश मिलने के बाद लाल बालू माफिया के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई काफी तेज कर दी है। शुक्रवार की रात सुहवल व नगर कोतवाली क्षेत्र में सघन चेकिग अभियान चलाया गया। इससे बालू माफियाओं में खलबली मची रही। बता दें कि मोरंग के खिलाफ जिला प्रशासन की यह कार्रवाई पिछले तीन दिनों से लगातार चल रही है। अवैध रूप से चल रहे ट्रैक्टर-ट्राली जहां बंद हो गए हैं, वहीं जगह-जगह बालू डंप करने वालों की बेचैनी और बढ़ गई है।
शुक्रवार की देर रात प्रशासन का निर्देश मिलते ही सड़क किनारे डंप किए गए लाल बालू को लेकर चेकिग शुरू हो गई। सुहवल प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने सुजानपुर, कालूपुर, मेदनीपुर व ताड़ीघाट क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। रेवतीपुर एसओ राजेश बहादुर सिंह ने अपने क्षेत्रों में चेकिग की। इसके अलावा नगर कोतवाली क्षेत्र में अभियान चला। यहां सदर एसडीएम अनिरुद्ध सिंह ने लाल बालू लदे एक बोगा व जेसीबी पकड़ लिया और उसे सीज करते हुए नगर कोतवाली में खड़ा करा दिया। इसके बाद बहुत से ट्रैक्टर चालक फरार हो गए। अचानक लाल बालू के खिलाफ चल रहे सघन चेकिग अभियान से बालू माफियाओं में अफरा-तफरी का माहौल है।
हमलावरों ने युवक को गोली मारकर किया घायल
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव के जितेंद्र कुशवाहा (40) को शुक्रवार की रात हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल जितेंद्र को इलाज के जिला चिकित्सालय ले जाया गया। उन्होंने करीमुद्दीनपुर थाने की पीआरबी-112 में तैनात होमगार्ड अखिलेश कुशवाहा सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज कराया है।
जितेंद्र कुशवाहा के मुताबिक वह रात करीब 9:30 बजे गांव के बाहर अपने नलकूप पर खाना खाकर बाहर हाथ धोने निकले। इसी दौरान तीन लोग आते दिखे। आशंका होने पर जितेंद्र ने भागने का प्रयास किया तो तीनों दौड़ाते हुए फायर करने लगे। इस दौरान एक गोली जितेंद्र के बाएं हाथ में लगी। हालांकि धैर्य दिखाते हुए गोली लगने के बावजूद रात के अंधेरे में गेहूं के खेत में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हमलावर कुछ देर तक खोजबीन कर वापस चले गए।
जितेंद्र ने करकटपुर गांव निवासी अखिलेश कुशवाहा सहित तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जितेंद्र की पत्नी चंदा सहित कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ करने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत कर जांच किया जा रहा है।
