Ghazipur: दस वर्षीय मासूम बच्ची से घर में दुष्कर्म, गंभीर हालत में भर्ती
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बहरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में दस वर्षीय मासूम बच्ची के साथ गांव के ही दसवीं में पढ़ने वाले छात्र ने दुष्कर्म की घिनौनी वारदात की। बालिका को घर में अकेला पाकर किशोर ने दबोच लिया और धमकाते हुए घर के बाहर कमरे में ले गया। वारदात को अंजाम देकर उसे लहुलुहान छोड़कर फरार हो गया। घर पर जब परिजन लौटकर आए तो बालिका को गंभीर हालत में देखकर परेशान हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता को जिला अस्पताल लाया गया और उसका इलाज शुरू हुआ। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया और घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जानकारी पाकर एसपी सीओ समेत अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात की जानकारी ली।
शुक्रवार की रात बहरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आने से हडकंप मच गया। पीड़िता बालिका की मां के अनुसार देर शाम उसकी बेटी घर के बाहर सहेलियों के साथ खेल रही थी। पड़ोस में रहने वाला एक किशोर आया और घर पर कोई नहीं होने की जानकारी के बाद बहाने से उसे घर के अंदर ले गया। घर के बाहरी कमरे में उसे डरा धमकाकर उससे मासूम का मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया बाद में बदहवास हालत में छोड़ा। घर पर परिजनों के आने पर मासूम ने जानकारी दी। आरोपी दसवीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है।
सूचना पर पहुंची बहरियाबाद पुलिस ने महिला कांस्टेबल के साथ पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए जिला महिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने खुद यहां पहुंचकर पीड़िता का हाल पूछा और परिजनों से घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। इस घटना की छानबीन के मामले में एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी और सीओ राजीव द्विवेदी शनिवार को बहरियाबाद पहुंचे और गहनता से पड़ताल किया। सीओ ने बताया कि बच्ची की मां से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी अंगद यादव पुत्र केदार यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को उसकी सरगर्मी से तलाश है। उन्होंने बताया कि अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है। उधर सूत्रों की मानें तो आरोपी के भाई को हिरासत में लेकर पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
