Today Breaking News

गाजीपुर-बलिया हाइवे निर्माण में सामने आई लापरवाही, जयपुर की कंपनी का रोका भुगतान

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. केंद्र सरकार पूरे देश में सड़कों का जाल बुनना चाह रही है। काम भी खूब हो रहे हैं, लेकिन बलिया में लापरवाही की इंतहां पार कर गई है। बलिया (मांझी घाट) से गाजीपुर तक करीब 130 किलोमीटर लंबे हाईवे निर्माण में गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्थान के जयपुर की कंपनी कृष्णा इन्फ्रास्ट्रक्चर को नोटिस जारी किया है। पूछा है कि सात महीने हो गये, बावजूद इसके निर्माण में लापरवाही क्यों बरती जा रही है। बात इसलिये बढ़ी, क्योंकि कंपनी ने थोड़ा काम किया है। उसने सिर्फ 15 किलोमीटर तक पुरानी सड़क उखाड़ी है, इसके बावजूद भुगतान की फाइल विभाग में लगा दी।

पेमेंट तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। बता दें कि प्रोजेक्ट का ई-टेंडर कंपनी को जून 2020 में आवंटित किया गया था। 102 करोड़ की यह परियोजना जून 2021 तक पूरी कर देनी है, इसके बाद भी कोई काम नहीं हुआ है। अब एनएचएआइ ने मामले में शिकंजा कस दिया है। हाईवे पर इस समय चार हजार भारी वाहन प्रति दिन रेंग रहे हैं, जनता परेशान हो चुकी है।


अप्रैल तक बैरिया के लोगों को राहत देने का दावा

एनएचएआइ के तकनीकी प्रबंधक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अब संबंधित कंपनी के पास पांच माह का समय बचा है, वह जब तक गाजीपुर व मांझी घाट दोनों तरफ कार्य तेजी से नहीं करती, तब तक कोई पेमेंट नहीं होगा। अब कंपनी ने अपनी मशीनें और सामग्री कर्मनाशा नदी पर बने पुल के रास्ते बलिया भेजी है लेकिन सेतु पर ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर रोक लगी है। दूसरे रास्ते से संसाधन बलिया आ रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद कंपनी फेफना में अपना प्लांट स्थापित कर तेजी से काम करेगी। बेलहरी से मांझी घाट तक 30 किमी में एनएच 100 फीसद खराब हो चुका है। उसे अप्रैल तक हर हाल में पूरा किया जाएगा।

 
 '