Today Breaking News

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ आज गाजीपुर और आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्रगति की करेंगे समीक्षा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्रगति की समीक्षा करने सोमवार को आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर रविवार की देर शाम तक सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं। वह सुबह 9.10 बजे धरवारकला गांव के पास बने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। सड़क पर लगे टेंट में अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी लेने के बाद वहीं जनसंवाद करेंगे। इसके बाद 9:50 पर प्रस्थान करेंगे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी।

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुबह से ही प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह सोमवार की शाम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हाल, जनसंवाद कार्यक्रम स्थल व मंच का जायजा लिया। तमाम दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ श्री प्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी भारत भार्गव, रमेश मौर्य, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, तहसीलदार डा. विराग पांडेय, नायब तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, कोतवाल श्याम जी यादव सहित जिले के सभी अधिकारी रहे।


गंदे टेंट पर लगाई फटकार

जिलाधिकारी समीक्षा बैठक हाल व मंच पर पारदर्शी परदे व गंदा मैट लगे होने पर भड़क गए। उन्होंने टेंट मालिक व तैयारी में लगे अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद आनन-फानन परदे को हटवाया गया। इसके अलावा भी कई महत्वपूर्ण परिवर्तन कराए। पूरा टेंट व मंच भगवा रंग का लगाया गया है। डिवाइडर को भी भगवा व सफेद रंग से रंगा गया है। दोनों अधिकारी जिले के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


चप्पे-चप्पे पर फोर्स रहेगी तैनात

जनसंवाद कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे फोर्स तैनात रहेगी। इसके लिए बाहर से भी फोर्स मंगाई गई है। इसके इतर लोगों के लिए पानी का टैंकर वाले लगाए गए हैं। जगह-जगह बायोटैंक वाले मोबाइल शौचालय भी हैं।


48 किलोमीटर का है जिले में दायरा

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की दूरी अपने जिले में 48 किलोमीटर है। यह मुहम्मदाबाद तहसील के हैदरिया से शुरू होकर कासिमाबाद तहसील के बिजौरा तक गाजीपुर जिले में है। इसमें दो फ्लाईओवर, एक रेलवे क्राङ्क्षसग, करीब तीन दर्जन पुलिया हैं। इनमें छह पुलिया पर काम चल रहा है।  


मुख्यमंत्री 9:10 बजे धरवारकला गांव के पास बने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे 307.080 पर बने हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से कार द्वारा कार्यक्रम स्थल 306.080 पर जाएंगे। वहां पर सड़क निर्माण से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी लेने के बाद सीधे जनसंवाद करेंगे। जनसंवाद के बाद 9:50 पर प्रस्थान करेंगे।


जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे 400 लोग

मुख्यमंत्री आम लोगों से सीधे जनसंवाद करेंगे। इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां पर 400 लोगों को बैठने की व्यवस्था है। यहां मुख्यमंत्री लोगों से सीधे जुड़ेंगे और लोगों की समस्याओं व सवालों से रूबरू होंगे।


एनएसजी के एसपी ने लिया जायजा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की एनएसजी टीम ने जायजा लिया। एनएसजी के एसपी अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से वार्ता की और अपनी तैयारी के बारे में बताया।


बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़ व गाजीपुर जिले तक की दूरी मार्च में हो जाएगी कम

प्रदेश की राजधानी लखनऊ को पूर्वांचल के जिलों को जोडऩे वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मार्च में वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। आजमगढ़ की चार तहसीलों से होकर गुजर रहे एक्सप्रेस-वे का 75 फीसद कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष इसी वित्तीय वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा।  जिले में 83.836 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्यदायी संस्थाएं तेजी से करा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजना में शामिल पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण जिले के 110 गांवों की 1020.83 हेक्टेयर जमीन में हो रहा है। जिसमें तहसील सदर में 41, सगड़ी में 15, निजामाबाद में 22 और तहसील फूलपुर के 32 गांव शामिल हैं। किसानों से कुल 908.1662 हेक्टेयर जमीन की खरीद की जानी थी, जिसमें अब तक 859.3969 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है।जबकि बैनामा न करने पर 48.76 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है। सरकारी सहित ग्राम सभा की 112.6655 हेक्टेयर जमीन में ग्रामसभा के हिस्से का भुगतान 39 करोड़, 97 लाख, 48 हजार रुपये किया जा चुका है। जमीन के मद में शासन से 1446.97 करोड़ रुपये मिला था। जिसमें से अब तक 1380.21 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। शेष 66.76 करोड़ रुपये का भुगतान अधिग्रहित की गई जमीन का किया जा रहा है।

 
 '