Today Breaking News

Ghazipur: जनपद में अंतिम सांस ले रहा कोरोना, संक्रमितों की संख्या घटकर पहुंची नौ

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जनपद में कोरोना वायरस अब दम तोड़ रहा है। जिले में फिलहाल कोरोना संक्रमितों की संख्या दहाई से भी कम हो गई है। जांच तो नियमित हो रही है, लेकिन पिछले 10 दिन में महज सात संक्रमित मिले हैं। अब किसी दिन एक मिलते हैं तो किसी दिन वो भी नहीं। अगर सब कुछ इसी तरह चलता रहा तो शीघ्र ही जनपद कोरोना मुक्त हो जाएगा।

आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक 280391 लोगों की जांच हो चुकी है। इसमें 5255 लोग संक्रमित मिले हैं। 92 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल केवल नौ एक्टिव केस हैं। शेष स्वस्थ हो गए हैं। एक महीने में मिले केवल 37 संक्रमित - जनपद के विभिन्न केंद्रों पर प्रतिदिन एक हजार से ऊपर लोगों की कोरोना जांच की जाती है, लेकिन इसके सापेक्ष एक या दो ही संक्रमित मिलते हैं। किसी दिन तो एक भी नहीं। अगर एक महीने पहले का डाटा खंगालें तो पता चलता है कि पिछले 15 जनवरी तक कुल 5218 संक्रमित मिले थे। इधर 15 फरवरी तक संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5255 पहुंच पाई है। मतलब एक महीने में केवल 37 कोरोना संक्रमित मिले हैं। 


नियमों का पालन आ रहा काम

जनपद में सख्ती से लागू कोरोना प्रोटोकाल और लोगों में खुद आई जागरूकता के चलते यह सब हो पा रहा है। लाकडाउन हटने के बाद भी लोगों का मास्क लगाना, हाथ न मिलाना, हाथ धोते रहना व शारीरिक दूरी का पालन करने की वजह से कोरोना संक्रमण का प्रसार रुका है। लगातार मरीजों की संख्या कम हो रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन ने भी अपनी भूमिका का निर्वहन सही तरीके से किया है।


कोरोना संक्रमण का ग्राफ जनपद में लगातार गिर रहा है। हमारी पूरी टीम तन्मयता से काम रही है। इसमें जिला प्रशासन सहित आम लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। अब टीका भी लगने लगा है। शीघ्र ही हमारा जनपद कोरोना मुक्त होगा।- डा. जीसी मौर्या, सीएमओ।

 
 '