Today Breaking News

Ghazipur: ट्रैक्टर से कुचलकर दो सगी बहनों की मौत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा की ट्रैक्टर से कुचलकर जहां मौके पर मौत हो गयी, वहीं गंभीर रूप से घायल उसकी सगी बहन की उपचार के लिए वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर शव रखकर सैदपुर-बहरियाबाद मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। 

सादात, बहरियाबाद, शादियाबाद और सैदपुर पुलिस के साथ ही सैदपुर के एसडीएम एवं सीओ के काफी समझाने के बाद करीब साढ़े तीन घंटे तक चला जाम शाम सवा सात बजे समाप्त हुआ। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेजने और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। सादात थाना क्षेत्र के प्यारेपुर साधु कुटी के पास बुधवार को अपराह्न करीब सवा तीन बजे के करीब हुए हादसे में ट्रैक्टर के धक्के से साइकिल सवार छात्रा हेमा यादव (17) पुत्री रमाशंकर यादव निवासी चेफवां-बड़ागांव की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि उसकी सगी बहन दीक्षा (16) गम्भीर रूप से घायल हो गयी। दोनों बहनें मिर्जापुर स्थित पलटन बालगोपाल इंटर कालेज मिर्जापुर से पढ़ाई कर वापस घर लौट रही थीं। दोनों एक ही साइकिल पर सवार होकर घर जा रही थी। अभी वह प्यारेपुर साधु कुटी के पास पहुंची थी तभी सामने से मखदुमपुर की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर हेमा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दीक्षा गम्भीर रूप से घायल हो गयी। 


ग्रामीणों की मदद से इलाज हेतु उसे वाराणसी ले जाते समय उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के दौरान ट्रैक्टर पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया। इधर आक्रोशित ग्रामीणों ने सैदपुर बहरियाबाद मार्ग पर मुआवजा और ट्रैक्टर स्वामी आशुतोष यादव को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर शव को घटनास्थल पर रखकर चक्का जाम कर दिया। एक साथ दो बेटियों की मौत से मर्माहत परिजन मौके पर पहुंचकर दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। सादात एसओ दिव्यप्रकाश सिंह, बहरियाबाद एसओ रामनेवास और सैदपुर, खानपुर व शादियाबाद पुलिस के अलावा सीओ राजीव द्विवेदी और एसडीएम विक्रम सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। काफी जद्दोजहद के बाद करीब साढ़े तीन घंटे तक चला जाम सवा सात बजे समाप्त हुआ। पुलिस मौके पर मृत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर थाने लायी, जबकि दूसरी छात्रा का शव समाचार लिखे जाने तक रास्ते में था। एसओ दिव्यप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


 
 '