Today Breaking News

Ghazipur: पदयात्रा निकाल रहे 50 से अधिक कांग्रेसजनों को पुलिस ने लिया हिरासत में

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता नगर स्थित बद्रीचंद्र पोखरा से पदयात्रा निकालकर जिला मुख्यालय जा रहे थे कि पुलिस ने लंका तिराहे पर लगभग 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और बस पर बैठाकर पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान कांग्रेसजनों और पुलिस में जमकर धक्की-मुक्की भी हुई। कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ की नारेबाजी, पदयात्रा से लग गया भीषण जाम। वहीं नगर कोतवाली पुलिस सहित कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात रही। देर शाम सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।

तय कार्यक्रम के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के कई दर्जन कार्यकर्ता बंद्रीचंद्र पोखरा के पास एकत्रित हुए। इसके देखते हुए पहले से ही नगर कोतवाल विमल कुमार मिश्रा, करंडा थानाध्यक्ष अजय पांडेय, यातायात प्रभारी प्रवीण यादव, गोराबाजार चौकी इंचार्ज अनुराग गोस्वामी, विशेश्वरगंज चौकी प्रभारी यादवेंद्र यादव अपने-अपने हमराहियों संग तैनात थे। पदयात्रा को पुलिस ने रोकने का काफी प्रयास किया, इसमें कुछ कार्यकर्ता निकलकर आगे चले गए जबकि दर्जनों को पुलिस ने वहीं हिरासत में ले लिया। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि कि जनता को राहत देने के मुद्दे पर सत्ता में आई भाजपा सरकार जनता का लगातार आर्थिक शोषण कर रही है। कहा कि पूरी दुनिया का पेट पालने वाला किसान आज अपने भविष्य के लिए गांव, खेत खलिहान से निराश होकर दिल्ली शहर के बाहर बैठा हुआ है। बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शांति पूर्ण तरीके से पदयात्रा निकाली गई, लेकिन पुलिस ने कार्यकर्ताओं को लगातार घेरे रखा और लंका तिराहे पर तानाशाही पूर्वक सभी को जबरदस्ती गाड़ी में बिठाकर पुलिस लाइन भेज दिया। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि लगभग 50 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें निजी मुचलके पर देर शाम छोड़ दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान पूर्व प्रदेश सचिव रविकांत राय, पीसीसी सदस्य आनंद राय, राजेश गुप्ता, मनसूर जैदी, चंद्रिका सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, माधव कृष्ण, आशुतोष गुप्ता, ऊषा चतुर्वेदी, महबूब निशा आदि थीं।


'