Today Breaking News

प्रियंका गोस्वामी ने रिकॉर्ड बनाकर ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई, लगा बधाइयों का तांता

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. पूर्वोत्तर रेलवे में लिपिक प्रियंका गोस्वामी ने अंतरराष्ट्रीय वाकिंग प्रतियोगिता में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए शनिवार को टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ ने प्रियंका और उनके कोच को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। रांची में चल रही अंतरराष्ट्रीय वाकिंग प्रतियोगिता में  शनिवार को महिला 20 किलोमीटर में प्रियंका कुमारी ने रिकॉर्ड बनाते हुए ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया। इज्जत नगर मंडल में कार्मिक विभाग में लिपिक प्रियंका मूल रूप से मेरठ जिले की हैं। 

पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम ने दी बधाई

उनकी इस उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी, पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष योगेश मोहन, महामंत्री, पंकज कुमार सिंह, सचिव डीके खरे, संयुक्त महामंत्री आरपी चंद, क्रीड़ा संघ के सहायक क्रीड़ाधिकारी व भारतीय टीम के कुश्ती कोच चन्द्र विजय सिंह, पूरे एथलेटिक्स संघ के सचिव बीके सिंह, कुश्ती संघ के सचिव जेपी सिंह, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह, उप्र हाॅकी के धीरज सिंह हरीश आदि ने बधाई दी है। 


शानदार रहा है ट्रैक रिकॉर्ड 

फील्ड में प्रियंका गोस्वामी का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। पिछले तीन वर्षों के करियर में उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2017-18 और 2018-19 में आयोजित राष्ट्रीय वाक प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता है। वर्ष 2018-19 में आल इंडिया रेलवे वाक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इटली में आयोजित विश्व वाक चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद जापान में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया था। अब नया राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाते हुए ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।


'