Ghazipur: खजूरी गांव में आग से जली दो रिहायशी झोपड़ी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पूरब मुहल्ला में अगलगी की घटना में एक परिवार का जहां आशियाना उजड़ गया, वहीं गृहस्थी के सभी सामान जलकर राख हो गया। इससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। यह घटना शुक्रवार की मध्य रात्रि की है।
खजूरी गांव के पूरब मुहल्ला निवासी केशव कुशवाहा की दो रिहायशी झोपड़ियां थीं, जिसमें अचानक आग लग गयी। धीरे-धीरे आग की लपट इतनी तेज हो गयी कि उसकी दोनों रिहायशी झोपड़ियां आग की चपेट आ गयीं। इससे उसमें रखे गृहस्थी के सभी सामान आग के भेंट चढ़ गये। शोर होने और आग की लपट देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और काफी प्रयास कर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस आगलगी के चलते झोपड़ी में रखी मोटरसाइकिल, डीजल मशीन, भूसा, कुर्सी, अटैची जिसमें रखे नक़द रुपये समेत कपड़ा व अनाज आदि सभी जलकर राख हो गये। इस घटना के बाद पीड़ित केशव कुशवाहा का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। केशव ने बताया कि किसी कारणवह झोपड़ी में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने दोनों झोपड़ियों को अपनी आगोश में लिया। बस्ती के लोगों ने पानी फेंकर आग को किसी तरह बुझाया, लेकिन तब तक दोनों झोपड़ियां जलकर राख हो गई थीं। अब हमारे पास कुछ नहीं बचा है। खुले आसमान के नीचे आ गये हैं। इसकी सूचना मिलते ही लेखपाल भी शनिवार को मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और हर संभव मदद दिलाये जाने का आश्वासन दिया।
वहीं, दूसरी ओर सैदपुर में शुक्रवार की देर रात शार्ट सर्किट से एक बाजार में आग लग गई। आग से नगर स्थित तहसील के सामने दुकानों से लपटें उठने लगीं। लगभग 12 बजे तीन दुकानों में शॉर्ट सर्किट के कारण लाखों का सामान जल गया। इसमें दो मोबाइल की दुकानें और एक रेस्टोरेंट शामिल हैं। पुलिस पिकेट पर मौजूद पुलिस और आसपास के दुकानदारों की सूचना पर लगभग 1:00 बजे रात, घटना के 1 घंटे बाद दमकल की गाड़ी पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से तीन दुकानों में रखा सब कुछ नष्ट हो गया। जिससे लगभग 20 लाख रुपए के आर्थिक नुकसान का अनुमान है।
