Today Breaking News

चार साल में महंगाई चरम पर, एक रूपया नहीं बढ़ा गन्‍ने का दाम- शिवपाल सिंह यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, कुशीनगर. कुशीनगर विधानसभा के बाड़ीपुल चौराहे आयोजित प्रसपा के जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भाजपा, कांग्रेस व बसपा पर जमकर बरसे। भाजपा पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि चार साल में एक रुपये भी गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा, लेकिन महंगाई चरम पर पहुंच गई। अच्छे दिन का वादा करने वाली केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार में आम जनता के टैक्स से जिले में थ्री स्टार, मंडल स्तर पर फोर स्टार, लखनऊ में फॉइव स्टार व दिल्ली में सेवन स्टार भाजपा का कार्यालय जरूर बन गया है।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में अघोषित इंमरजेंसी है। आम जनता से लगायत राजनीति पार्टियों के स्वतंत्रता के अधिकार को छिनकर धरना प्रदर्शन पर पाबंदी लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक संत के सीएम बनने पर सदन में तारीफ किया कि संत ईमानदारी से प्रदेश का विकास होगा, लेकिन झूठे बोलने वाले और भ्रष्टाचार को बढ़ाना देना वाला कभी संत नहीं हो सकता। प्रदेश में गरीबों को अन्य प्रांतों की अपेक्षा सबसे महंगी बिजली मिल रही है। सरकार किसान विरोधी काम कर रही है। जीएसटी से प्रदेश में महंगाई बढ़ी। इससे छोटे व्यापारी व किसान सभी परेशान हैं। डीजल, पेट्रोल व एलपीजी गैस महंगा हुआ।


कुशीनगर में चीनी मिल लगाने का वादा करने वाले किसानों को गन्ना का दाम भी नहीं दे रहे हैं। हमारे समय में ट्यूवेल और नहरों का पानी फ्री था, लेकिन अब तो गर्मी में चार महीना सफाई के नाम पर गुजार रहे हैं। कहा कि रेल, टेलिफोन व बीमा क्षेत्र को पूंजीपतियों के हाथों सरकार बेच रही है। नोटबंदी व जीएसटी से सिर्फ देश के दो लोगों को फायदा हुआ है। कहा कि बसपा की तरह भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी छोटे बड़े दलों को एकजुट होना होगा। मैने सपा से 14, 17 व 19 के चुनाव में बात की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसका नतीजा सबके सामने हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोगों से वादा किया कि सत्ता में आने पर प्रत्येक परिवार के एक बेटा और बेटी को नौकरी, गरीब, किसान और मजदूर को सस्ती बिजली देने के साथ किसान को फसल का लाभकारी मूल्य देंगे। उन्होंने मौजूद लोगों से सरकार बदलने का आह्वान किया।अध्यक्षता खालिद खान व संचालन भरत दुबे ने किया। जनसभा को जयश्री मल्ल, दीपक मिश्रा, अभिषेक सिंह आंसू, श्यामनारायण यादव, अंशुमान सिंह आदि ने संबोधित किया।


संतोष यादव होंगे विधानसभा प्रत्याशी

प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जनसभा में पहुंचे लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत स्तर पर चुनाव नहीं लड़ेगी। जिला पंचायत स्तर तथा आगामी विधानसभा चुनाव में दमदारी से चुनाव लड़ेगी। प्रसपा जिलाध्यक्ष संतोष यादव आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के कुशीनगर प्रत्याशी होंगे। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, छात्र, गरीब व आम लोगों के हक के लिए पार्टी सड़क पर उतरने से परहेज नहीं करेगी। 


महिलाओं में साड़ी और पुरूषों में वितरित हुई मच्छरदानी

राष्ट्रीय अध्यक्ष के जनसभा के बाद आयोजक समिति के पदाधिकारियों ने महिलाओं में साड़ी और पुरूषों में मच्छरदानी का वितरण किया गया। जनसभा समाप्ति के बाद यकायक साड़ी व मच्छरदानी वितरण होने से लोग उत्साहित होकर मंच तक पहुंच गये। समिति के पदाधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद वितरण प्रक्रिया पूर्ण की।

'