Today Breaking News

कोरोना से संघर्ष में आजमगढ़ DIG की पहल बनी नजीर, दूसरी लहर पर बोले - 'हैं तैयार हम...'

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. हैं तैयार हम...। यह बोल खाकी के हैं। काेरोना के प्रकोप की आशंकित चुनौतियों के दृष्टिगत फोर्स फिर से फर्ज निभाने को तैयार है। फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में वैक्सीन से मजबूत हुई इम्युनिटी के बाद जवानों को मानसिक मजबूती के लिए योग कराया जा रहा है। फोर्स को अलर्ट रहने का संदेश है, ताकि शहर-गांव में कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन कराने में जवान संयमित रहें। पुलिस पिछली बार मुश्किल में फंसे लोगों काे अपने हिस्से का खाना खिलाकर मानवीय चेहरा दिखाई थी। ऐसे में अबकी कोरोना काल में लोगों की उम्मीदें भी ज्यादा होंगी। लिहाजा अधिकारी-जवान नजीर पेश करने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।

प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, कपाल भांति पर जोर

यूं तो जवानाें की दिनचर्या पहले से आदर्श होती है। कोरोना की दुश्वारियों के दृष्टिगत जवानों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, कपाल भांति, अनुलोम-विलोम करने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारी उनकी दिनचर्या, नाश्ता, भोजन इत्यादि की निगरानी कर रहे हैं।


पुलिस लाइंस से ही शुरू हुई तैयारी

कोविड-19 गाइडलाइन को आत्मसात करने की तैयारी पुलिस लाइंस से शुरू हुई है। जवानों को संक्रमण से बचाव के लिए दो गज की दूरी, अनिवार्य रूप से मास्क, गमछा, हैंड ग्लब्स का प्रयोग करने, साबुन से कम से कम 30 सेकेंड तक हाथ अच्छी तरह धुलने, आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के साथ ही ड्यूटी के दौरान जनसामान्य से पूर्ण विनम्रता किंतु दृढ़ता के साथ पेश आने के लिए बताया जा रहा है।


पुलिस ने ऐसे बदली लोगाें की सोच

-एक लाख लोगों को 30-30 किलो अनाज के किट बांटे गए।

-10 हजार राहगीरों-जरूरतमंद लोगों में लंच पैकेट वितरित किया गया।

-50 हजार से ज्यादा मास्क वितरित किए गए।


जंग जीतने के लिए सख्ती भी गई

-मंडल के जिलों में धारा 15 (3) अंतर्गत सार्वजनिक स्थान अथवा घर से बाहर मास्क, रुमाल, गमछा न पहनने या थूकने पर 1,400,55 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।


-धारा 15(4) के अंतर्गत लाॅकडाउन का उल्लंघन पर परिक्षेत्र में 19,918 लोगों का चालान किया गया।


बलिदान हो गए थे छह जवान

1- हेड कांस्टेबल रामजी कुंवर।

2- लीडिंग फायरमैन हीरा प्रसाद।

3- निरीक्षक शेर सिंह तोमर।

4- उपनिरीक्षक राकेश कुमार शुक्ला।

5- हेड कांस्टेबल पूर्णमासी यादव।

6- दारोगा रामजी दुबे।


बोले डीआइजी लब

‘‘हमारी तैयारी पूरी है। आजमगढ़, बलिया और मऊ जिले में कोरोना से जंग की तैयारी शुरू है। जवानों से कोविड-19 गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है। जवानों की मानसिक मजबूती को योग का सहारा लिया जा रहा है। सड़कों पर लोगों को मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन कराने के निर्देश है। बीते साल हमने फर्ज के साथ दूसरी सामाजिक जिम्मेदारियां निभाईं थीं। जनता ने हमें दुलारा भी खूब था। अबकी निर्देश मिलने की देरी है, हम बेहतर करके दिखाएंगे। -सुभाष चंद्र दुबे, डीआइजी।

 
 '