Today Breaking News

जेल में मुख्‍तार अंसारी से कोई मुरव्‍वत नहीं, जेल मंत्री बोले-'नहीं मिलेगी कोई विशेष सुविधा'

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. पंजाब की रोपड़ जेल से यूपी की बांदा जेल लाए जाने के साथ ही मुख्‍तार अंसारी यकायक खास से आम हो गए हैं। यूपी सरकार ने साफ कर दिया है कि इस बार बांदा जेल में माफिया मुख्‍तार को कोई विशेष सुविधा नहीं लेने दी जाएगी। मुख्‍तार पर उसके बैरक में कड़ी नज़र रखी जा रही है। यूपी के जेल मंत्री जय कुमार सिंह ने साफ कहा है कि जेल में मुख्‍तार अंसारी को कोई विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍तार को वैसे ही रहना होगा जैसे जेल में कोई दूसरा कैदी रहता है। 

जेल मंत्री ने आश्‍वस्‍त किया कि जेल में मुख्तार को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उनके स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। गौरतलब है कि मुख्तार के परिवार ने उनकी जान को लेकर आशंकाएं जताई हैं। उनकी पत्‍नी इस मसले को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक गई थीं। जेल मंत्री ने मुख्‍तार के परिवार के आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि मुख्तार की पत्नी को क्या डर है, ये तो वही जान सकती हैं। मुख्तार की बीमारी का बहाना बनाना ठीक नहीं है। मुख्तार की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की पूरी टीम पंजाब भेजी गई थी। 


वीडियो वॉल से रखी जा रही नज़र

जेल मंत्री ने बताया कि बांदा जेल में मुख्तार को दूसरे कैदियों से अलग रखा जाएगा। बैरक नंबर-15 में उन्‍हें पूरी सुरक्षा के साथ रखा जाएगा। बांदा जेल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। जेल में वीडियो वॉल की सुविधा की गई है। वीडियो वॉल के जरिए कैदी पर नजर रखी जाती है। 


अपराधियों में योगी सरकार का खौफ 

जेल मंत्री जय कुमार सिंह ने कहा कि यह अच्‍छी बात है कि आज आम लोग नहीं अपराधी डरे हुए हैं। योगी सरकार ने अपराधों पर पूरी तरह नियंत्रण किया है। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍तार अंसारी के साथ भी न्‍याय किया जाएगा। यहां अपराधियों को अपराधी की तरह ट्रीट किया जाता है इसलिए अपराधी यहां रहने से डरते हैं।

'