Today Breaking News

बलिया में फेसबुक पर कमेंट को लेकर बवाल, कोतवाली के सिपाही ने युवक को मारी गोली

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के संवरा चट्टी पर गुरुवार की शाम लगभग पांच बजे फेसबुक पर चुनावी कमेंट को लेकर शुरू हुए विवाद ने काफी तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते ईंट-पत्थर भी चलने लगे। इस दौरान गोरखपुर में तैनात सिपाही रोहित सिंह उर्फ बंटी ने फायरिंग कर दी। गोली संवरा गांव निवासी संजीव कुमार सिंह उर्फ बब्लू (38) पुत्र स्व. वीर बहादुर सिंह के पैर में लग गई। एक अन्य युवक भूपेंद्र नाथ सिंह (40) पुत्र देवेंद्र नाथ सिंह भी पथराव के बीच घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल रसड़ा अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

संवरा चट्टी पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। घायल संजीव संवरा गांव के निवर्तमान ग्राम प्रधान मंजू सिंह का जेठ बताया जा रहा है। सायं 4.30 बजे संवरा चट्टी पर फेसबुक पर हुए चुनावी कमेंट को लेकर भूपेंद्र नाथ सिंह व रोहित सिंह के बीच विवाद के दौरान मारपीट हो गई। लगभग आधा घंटा बाद दर्जन लोगों के साथ भूपेंद्र सिंह व संजीव कुमार सिंह ने रोहित सिंह के घर के सामने पहुंचकर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस दरम्यान रोहित सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया जो संजीव सिंह के पैर में जा लगी। गोली लगने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और दोनों घायलों को रसड़ा अस्पताल भेजवाकर मामला शांत कराया। रसड़ा सीएचसी पहुंचे एडीसनल एसपी संजय यादव ने घायल से पूछताक्ष किया तथा तनाव को देखते हुए पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सिपाही रोहित सिंह तथा उसके साथ दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया।


पुरानी चुनावी रंजिश का नजीता है संवरा गोली कांड

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का पारा जैसे-जैसे चढ़ रहा है वैसे-वैसे गांवों का माहौल भी गरम होता चला जा है। जिसका प्रत्यक्ष उदहारण गुरुवार की शाम संवरा गांव की चट्टी पर देखने को मिला। फेसबुक पर हुए चुनावी कमेंट के बाद मारपीट और पथराव के दौरान गोली चलने की घटना हो गई। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह पुरानी चुनावी रंजिश ही थी जो फेसबुक पर हुए कमेंट विवाद का तत्कालिक कारण बन गई। वैसे पुलिस ने मौके की नजाकत को देखते हुए मुख्य आरोपित सहित तीन को गिरफ्तार कर मामला शांत कराने का जरूर प्रयास किया है किंतु छुट्टी पर आये पुलिस के जवान रोहित ङ्क्षसह द्वारा चलाई गई गोली से हर कोई हैरान दिखा। यह महज संयोग ही रहा कि पुलिस ने घटना के तुरंत बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को शांत कराने का प्रयास किया अन्यथा की स्थिति में बवाल और बढऩे से  इंकार नहीं किया जा सकता था। वैसे पुलिस ने गांव में तनाव को देखते हुए आरोपित के घर सहित अन्य जगहों पर पुलिस की तैनाती कर दी है।

 
 '