Today Breaking News

Ghazipur: जमानियां में कच्चा मकान ढहने से वृद्धा समेत तीन घायल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बारिश से शनिवार की रात जमानियां में कच्चा मकान ढहने से वृद्धा समेत तीन घायल हो गए। सभी को इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। उधर, किसान खेतीबारी में जुट गए हैं। जगह-जगह जलभराव व कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


जमानियां: वार्ड संख्या तीन के अनुसूचित जाति बस्ती में स्थित राजमुनि देवी का कच्चा मकान शनिवार की रात सोते समय गिर गया। इससे उसमें सो रही राजमुनि देवी (55), पुत्र सूबेदार (12), नाती साहिल (5) घायल हो गए। सो रही नंदनी, संदीप व नेहा बाल-बाल बच गईं। सभी का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। सूचना पर नायब तहसीलदार व लेखपाल ने मौका मुआयना किया।


उधर, गाजीपुर शहर के रौजा, सकलेनाबाद में दुर्गा चौक से मालगोदाम रोड, लंका-कचहरी मार्ग, भुतहिया टांड से विकास भवन मार्ग पर जलजमाव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सैदपुर: सब्जीमंडी रोड, भितरी मोड़ से रावल तक, मेन रोड पर यूबीआई शाखा के सामने आदि जगहों पर जलजमाव व कीचड़ होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।