Today Breaking News

दोस्तों संग थिरक रहे दूल्हे ने खींचा दुल्हन का हाथ, दुल्हन ने उठाया यह कदम...

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रतापगढ़. जयमाल के दौरान साथियों के साथ फिल्मी गीतों पर थिरक रहे दूल्हे ने दुल्हन को डांस करने के लिए खींच लिया। इससे भड़की दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। इसे लेकर हंगामा होने लगा। बाद में दूल्हा समेत बारातियों को दुल्हन पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया। विवाह में खर्च पांच लाख रुपये देने के बाद ही दूल्हा समेत बाराती छूटे। फिलहाल पुलिस तहरीर न मिलने की बात कह रही है।

मानधाता थाना क्षेत्र के टिकरी के रहने वाले युवक की शादी कुटिलिया अहिना की रहने वाली युवती से तय हुई थी। शनिवार को बारात भी पहुंची। सभी नाश्ता कर रहे थे। बताया जाता है कि नशे में धुत एक बाराती ने नाश्ता बनाने वाले के मुंह पर चाट से भरा दोना फेंक दिया। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। हालांकि किसी तरह बुजुर्गों ने माहौल शांत करा दिया। इसके बाद दुल्हन का भाई पंखा घुमा रहा था तो बारातियों ने उसे धक्का देकर गिराते हुए पीट दिया।


इसके बाद दोबारा मारपीट शुरू हुई लेकिन लोगों ने बीचबचाव कर फिर विवाद शांत करा दिया। रात करीब 11.30 बजे जयमाल के समय साथियों के साथ नाच रहे दूल्हे ने साथ डांस करने के लिए दुल्हन का हाथ पकड़कर अपनी ओर खींच लिया। उस पर डांस करने का दबाव भी बनाने लगा। यह बात दुल्हन को नागवार लगी। दुल्हन भड़क गई और दूल्हे को नशे में धुत बताते हुए उससे शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद घरातियों ने दूल्हे व नशे में धुत बारातियों को बंधक बना लिया। कई बारातियों की लोगों ने पिटाई भी की। काफी मान मनौव्वल के बाद बारातियों को छोड़ दिया गया, लेकिन दूल्हे व उसके परिजनों को नहीं छोड़ा। घराती शादी का खर्च वापस करने की मांग करने लगे।

रात में ही मानधाता पुलिस को सूचना दी गई मगर सुबह आने की बात कहते हुए पुलिसकर्मियों ने फोन काट दिया। रविवार को मानधाता पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन से पूछा गया तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दुल्हन के परिजनों ने शादी में हुए खर्च के लिए चार लाख रुपये और एक लाख रुपये जेवर के मांगे। दूल्हा पक्ष के लोगों ने पांच लाख रुपये का भुगतान किया। इसके बाद दूल्हे व उसके परिजनों को छोड़ा गया। मानधाता एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी। पुलिस मौके पर गई थी लेकिन दोनों पक्षों ने बताया कि उनके बीच समझौता हो गया है तो पुलिसकर्मी लौट आए।

'