Today Breaking News

UP Police में एक और बड़ी भर्ती: यूपी पुलिस रेडियो शाखा में भरे जाएंगे 2244 पद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में नौकरी करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आवेदन करने का शानदार मौका फिर आने वाला है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के थमने के बाद अब उत्तर प्रदेश में जल्द पुलिस विभाग में तकनीकी पदों पर भी भर्ती का अवसर मिलेगा। दारोगा भर्ती की प्रक्रिया में जुटा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीबीपीबी) जल्द पुलिस रेडियो शाखा के 2244 पदों पर भर्ती की प्रकिया शुरू करने की तैयारी भी कर रहा है। वहीं, कंप्यूटर आपरेटर के 693 पदों पर भर्ती के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एजेंसी का चयन होने के बाद आनलाइन आवेदन शुरू होगा।

डीजी भर्ती बोर्ड आरके विश्वकर्मा के अनुसार बीते दिनों शासन ने रेडियो शाखा में प्रधान परिचालक, प्रधान परिचालक यांत्रिक, सहायक परिचालक व कर्मशाला कर्मचारी के 2244 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी थी, जिसके बाद इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन पदों पर भर्ती परीक्षा संचालित कराने के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। वहीं कंप्यूटर आपरेटर के पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।


उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड दिसंबर माह से पूर्व इन पदों पर भर्ती परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। जल्द आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। वहीं दूसरी ओर दारोगा भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रकिया पूरी हो गई है। दारोगा भर्ती की परीक्षा कराने की तैयारी भी चल रही है। इसके लिए आने वाले दिनों में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता को देखा जा रहा है। इसके अलावा उपनिरीक्षक के लिपिक संवर्ग में भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं।


बता दें यूपी पुलिस में 1329 पदों पर भर्तियां निकली हैं। इसके लिए आवेदन की तारीख को कई बार बढ़ाया जा चुका है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उपनिरीक्षक के लिपिक संवर्ग में अलग-अलग पदों के लिए 1329 पदों पर भर्ती निकाली है। इस वैकेंसी के लिए आवेदन की तारीख को बढ़ाकर 15 जुलाई 2021 कर दिया गया है। पदों का ब्यौरा इस प्रकार है। पुलिस उपनिरीक्षक (यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर, गोपनीय) में 317 पद, पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (यूपी पुलिस असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, लिपिक) में 644 पद और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (यूपी पुलिस असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, लेखा) में 358 पदों पर भर्ती हो रही है।

'