Today Breaking News

गाजीपुर गंगा नदी में महिला ने लगाई छलांग, मल्लाहों ने बचाया

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जमानियां कोतवाली क्षेत्र के जमानियां-धरम्मरपुर सेतु से बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे एक महिला ने गंगा में छलांग लगा दिया। आसपास मौजूद मल्लाहों ने यह देख काफी मशक्कत के बाद महिला को बचा लिया। पुलिस ने महिला का नाम पता दर्ज कर समझा बुझाकर उसे उसके पुत्र के साथ घर भेज दिया।

करंडा थाना क्षेत्र के जेवर गांव निवासी उषा देवी (50) अपने घर से किसी को बिना बताए जमानिया - धरम्मरपुर सेतु पर पहुंच गई। इधर मां को घर पर न देख उसका पुत्र चंचल यादव भी उसके पीछे तलाश करते आ रहा था। इसी बीच महिला ने सेतु से रेलिंग पर चढ़ कर गंगा नदी में कूद गई। आसपास के लोगों ने महिला के छलांग लगाने के बाद पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। 

वहीं महिला को आसपास मौजूद लोगों ने मल्लाहों की सहायता से पानी से बाहर निकाला। तबतक जानकारी होने पर पीएचसी के चिकित्सक डॉ. रुद्रकांत सिंह भी गंगा घाट पहुंचे और महिला का प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान महिला का पुत्र चंचल भी मौके पर पहुंच गया और मां को देखकर रोने लगा। 

इस दौरान वह कई बार बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। मौजूद डॉक्टर ने उसका भी इलाज किया। करीब एक घंटे बाद जब दोनों को आराम मिला तो पुलिस ने दोनों का नाम पता लिख कर छोड़ दिया। पुत्र चंचल ने बताया कि उसकी माता उषा दिमागी रूप से कुछ कमजोर है और आज सुबह बिना बताए ही यहां चली आई।

'