Today Breaking News

आजमगढ़ में छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाइयों को किया लहूलुहान, बेटियां असुरक्षित

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ जिले में रविवार रात सिरफिरों ने खाकी के इकबाल को खुली चुनौती दी। बाजार से खरीदारी कर लौट रही एक युवती का रास्ता रोक छेड़छाड़ शुरू कर दी। भाइयों ने विरोध किया तो दबंगों ने लाठी-डंडे से पीटकर उन्हें घायल कर दिया। दोनों काे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई का भरोसा देते हुए पीड़ित पक्ष को पहले घायलों का इलाज कराने का मशविरा देकर थाने से लौटा दिया। पुलिस के इस रवैये से पीड़‍ित पक्ष काफी आहत है।  

शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी अभिषेक व अविनाश ने बताया कि उनकी चचेरी बहन रात में करीब आठ बजे बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। शहर कोतवाली क्षेत्र के आजमपुर गौरा के कुछ मनबढ़ युवक उसका रास्ता रोक लिए। मेरी बहन ने विरोध किया तो दबंग उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। उसी दौरान वहां पहुंचे दोनों भाइयों ने विरोध किया तो दबंग लाठी- डंडे से हमला कर दिया। दबंगों ने अपने गांव से भी कुछ लोगों काे बुला लिया। हो-हल्ला मचने पर इलाकाई लोग जुटे ताे हमलावार भाग निकले। हमले में लहूलुहान दोनों भाइयों को जिला अस्पतला में भर्ती कराया गया। आपात ड्यूटी के डाक्टर एके शाह ने सिर एवं शरीर में कई जगह गंभीर चोट लगने की बात कही है।

मिशन शक्ति अभियान के बावजूद सिरफिरों का संकट : पुलिस महिलाओं काे सबल बनाने के लिए रोजाना मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। महिला आरक्षी छात्राओं से रूबरू होकर उनमें आत्मबल जगाने की कोशिश कर रही हैं। छात्राओं को सरकार की हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी जा रही है। बताया जा रहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किस तरह कटिबद्ध है। इतनी कवायद के बावजूद बेटियों के साथ ऐसी घटनाएं पुलिस की रणनीति में कहीं न कहीं झोल होने का संकेत जरूर दे रहीं हैं।

'