Today Breaking News

लेखपाल भर्ती 2021: नवंबर महीने में होगी लेखपाल भर्ती परीक्षा, PET रिजल्ट का क्या होगा इस पर असर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) 24 अगस्त को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अब बेसब्री से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इसी परीक्षा के आधार पर उत्तर प्रदेश में कई भर्तियों का आयोजन किया जाना है। 

गौरतलब है कि राज्य में UPSSSC द्वारा आयोजित की जाने वाले भर्तियों में शामिल होने के लिए PET में उतीर्ण होना अनिवार्य कर दिया गया है। UPSSSC द्वारा मार्च 2022 से पहले लेखपाल के 7882 पदों समेत कुल 22,794 ऐसे पदों पर परीक्षा आयोजित की जानी है, जिसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का PET में उतीर्ण होना आवश्यक है। 

कब तक घोषित हो सकते हैं PET के परिणाम :

PET के परिणामों की घोषणा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना तो सामने नहीं आई है, लेकिन विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्टूबर माह में PET के परिणाम घोषित हो सकते हैं। गौरतलब है कि इसके बाद कई प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन होना है, जिस वजह से अभ्यर्थी बेसब्री से इसके परिणामों का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों को इससे संबंधित अन्य जानकारियों के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

लेखपाल भर्ती पर क्या होगा प्रभाव :

लेखपाल के 7882 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा नवंबर महीने में होनी है। इस भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का PET में उतीर्ण होना आवश्यक है। ऐसी स्थिति में अगर PET के परिणामों की घोषणा में विलंब होता है, तो लेखपाल भर्ती के लिए परीक्षा के आयोजन में भी विलंब हो सकता है। हालांकि यह उम्मीद लगाई जा रही है कि UPSSSC जल्द से जल्द PET के परिणामों की घोषणा करके लेखपाल भर्ती के लिए भी तुरंत नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।

'