Today Breaking News

आजमगढ़ में आज होंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास संग सौंपेंगे 550 करोड़ की परियोजना

गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 नवंबर काे जिले में आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। 550 करोड़ की परियोजना सौंपने के बाद सभा में जनता से रू-ब-रू होकर मिशन 2022 का शंखनाद करेंगे। सदर-तहसील क्षेत्र के यशपालपुर-आजमबांध में प्रशासन ने मुकम्मल तैयारियां की हैं। उनकी जनसभा में एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी आंकड़े को ध्यान में रख सुरक्षा एजेंसियों ने चक्रव्यूह तैयार किया है।


आजमगढ़ के युवा अरसे से राज्य विश्व विद्यालय की डिमांड कर रहे थे। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनी, तो मुख्यमंत्री ने युवाओं की मांग और जरूरतों को समझते हुए भरोसा दिया था। अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नींव रखकर युवाओं के सपने को जमीन पर उतारेंगे। 58.27 एकड़ भूमि और साढ़े पांच सौ करोड़ लागत की यूनिवर्सिटी जनपद के सिर पर मुकुट समान होगा। इसका आभार जताने को बड़ी संख्या में युवा ब्रिगेड के जनसभा में पहुंचने की संभावना है। 

उचित भी कि राज्य विश्वविद्यालय का तोहफा जनपद में विकास की राह खोलेगा। भाजपा ने भी इस कार्यक्रम की सफलता को पूरी ताकत झोंकी है। दरअसल, सपा के किले में सेंध लगाने का इससे अच्छा दूसरा मौका नहीं आएगा। लाखों की जनता को शाह जितना मथेंगे, विधानसभा चुनाव में उतनी ही सीट संजीवनी के रूप में मिलेंगी। बीते चुनाव में भाजपा को एक सीट से ही संतोष करना पड़ा था। चुनावी दृष्टिकोण से ऊसर जिले में अमित शाह के कार्यक्रम में विपक्षियों में जबरदस्त बेचैनी है।

अमित शाह आजमगढ़ से पूर्वांचल के सीटों पर साधेंगे निशाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 13 नवंबर को समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले जिले में आजमगढ़ राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखकर मिशन-2022 का शंखनाद करेंगे। चुनावी रणक्षेत्र शिलान्यास स्थल यशपालपुर-आजमबांध से विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्वांचल की सीटों पर युवाओं के बल पर निशाना साधेंगे। आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग काफी लंबे समय से चल रही थी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में योगी सरकार ने जिलेवासियों को राज्य विश्वविद्यालय देने का आश्वासन दिया था। अब यशपालपुर-आजमबांध गांव में 58.27 एकड़ जमीन पर निर्माण होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी राज्य विश्वविद्यालय शिलान्यास के बहाने पूर्वांचल की जनता को साधने की कोशिश में लगी है। इस कार्यक्रम के बहाने स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ता भी काफी उत्साहित हैं।

'