Today Breaking News

किसान आंदोलन खत्म : 102 वर्षीया स्वतंत्र देव के जज्बे को सलाम, 1 साल से Ghazipur Border पर डटे रहे, अब जाएंगे घर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर बॉर्डर. संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों की मांगे पूरा करने के सरकार के वादे के बाद एक वर्ष से अधिक समय से जारी किसान आंदोलन स्थगित करने की गुरुवार को घोषणा की। किसान नेता बलवीर राजेवाल ने यह घोषणा करते हुए कहा कि किसान 11 दिसंबर को दिल्ली सीमाओं और देश के अन्य स्थानों से धरना उठा लेंगे। इसके साथ ही दिल्ली से सटे गाजीपुर बॉर्डर (Ghazipur Border) पर किसान लोग टेंट हटाने लगे और लंगर आदि का सामान गाड़ियों में रखकर जाने की तैयारी कर हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर 102 वर्षीय स्वतंत्र देव सिंह भी अब एक साल बाद अपने घर जाएंगे।

बुलंदशहर निवासी स्वतंत्र देव सिंह की उम्र 102 वर्ष है। पिछले साल केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि काननू के खिलाफ वह आंदोलन करने गाजीपुर बॉर्डर (Ghazipur Border) आए थे। आंदोलन स्थल पर पहुंचने वाली सबसे पहली दो ट्रॉलीयों में स्वतंत्र देव आए थे और पिछले तब से वह वहीं पर डटे रहे। अब एक साल बाद स्वतंत्र देव अपने घर वापस जाएंगे। लोग स्वतंत्र देव सिंह के इस जज्बे को सलाम कर रहे हैं।

सबसे अंत में राकेश टिकैत

भाकियू राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष गौरव टिकैत ने बताया कि करीब एक साल से ज्यादा चले किसान आंदोलन में 706 किसानों ने शहादत पाई। किसानों ने मजबूती व संघर्ष के साथ लड़ाई लड़ी। यह जीत इसी का परिणाम है। जिस विचार के साथ किसान आंदोलन शुरू हुआ था। आज भी वह विचार कायम हैं। गाजीपुर बॉर्डर अपनी जगह से तब खाली होगा। जब किसान पूरी तरह से सुरक्षित अपने घर पहुंच जाएंगे। गाजीपुर पर किसान जब तक डटे रहेंगे। जब तक एक-एक किसान अपने घर नहीं पहुंच जाता। भाकियू राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सबसे बाद में सिसौली के लिए प्रस्थान करेंगे। यह सबसे बाद का कार्यक्रम होगा। उन्होंने किसानेां की लड़ाई जीतने पर सभी देशवासियों को बधाई दी।

मांगें पूरी न हुईं तो फिर शुरू कर सकते हैं आंदोलन

हरियाणा के किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि हम इस आंदोलन के दौरान सरकार से हुए करारों की समीक्षा करते रहेंगे। यदि सरकार अपनी ओर से किए वादों से पीछे हटती है तो फिर से आंदोलन शुरू किया जा सकता है। इस आंदोलन ने सरकार को झुकाया है। उन्होंने कहा कि 15 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की समीक्षा बैठक दिल्ली में होगी।

'