Today Breaking News

मुख़्तार के बेटे ने कहा - हम उस परिवार से हैं, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़कर देश आजाद कराया

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. बांदा मंडल कारागार में बंद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी से गुरुवार को उनके बड़े और छोटे बेटे ने मुलाकात की। कारागार से बाहर आते ही दोनों मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि हम उस परिवार से हैं, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़कर देश आजाद कराया।

गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मुख्तार के बेटे अब्बास अंसारी और उमर अंसारी हाईकोर्ट के अधिवक्ता के साथ बांदा मंडल कारागार पहुंचे। यहां कागजी कार्रवाई और आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट दिखाने के बाद बेटों को मुलाकात की परमीशन दी गई। जेलर जेपी दुबे के मुताबिक, दोपहर दो से ढाई बजे तक करीब आधा घंटे दोनों पिता से मिले। 

करीब पौने तीन बजे कारागार से बाहर आए दोनों बेटे मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि पिता का स्वास्थ्य ठीक है। बेटों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से सरकार एक निर्वाचित विधायक को परेशान करने की कोशिश कर रही है, अब ज्यादा दिन नहीं बचा है। सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जनता का समय आ गया है। कॉपी जांचने का। अब ज्यादा दिन ऐसी स्थिति नहीं रहेगी।

बेटों ने कहा कि इस देश में हमेशा से संविधान और लोकतंत्र का बोलबाला रहा है। आगे आने वाले समय में भी रहेगा। बहुत कुछ कोर्ट में लिखित दे चुके हैं। सरकार सोचती है कि इंसान के मौलिक अधिकारों का हनन कर देंगे तो इंसान परेशान हो जाएगा मगर सरकार ये बात नहीं समझती है कि यह वह देश है जो उन अंग्रेजों से लड़कर बाहर निकला, जिन्होंने मौलिक अधिकारों का हनन किया। हम उस परिवार से हैं, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़कर देश को आजाद कराया। ये सोच है कि हमे प्रताड़ित करेंगे तो हम प्रताड़ित होकर लौट जाएंगे। जो कानून है, उसे रोक नहीं सकते हैं।

'