ललका सांड से निजात दिलाना ही हमारा प्रथम उद्देश्य - ओमप्रकाश राजभर
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान लगातार नेताओं के बिगड़े बोल सामने आ रहे हैं. सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक जोरदार निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ‘ललका सांड से जनता परेशान है. सपा सरकार बनने पर सभी सांड गोरखपुर छोडूंगा. बाबा गोरखपुर जाकर शंख बजायेंगे.
गाजीपुर की जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा सम्बोधित करने पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह मंत्री रहते 7 बार बांदा और 11 बार रोपड़ में मुख्तार से मिले हैं. मैं तो सदन की गरिमा भी तार-तार कर देता हूं.
भाजपा के अत्याचारों से निजात अवश्य मिलेगी
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जखनिया की जनता से मेरा वादा है कि आपको भाजपा के अत्याचारों से निजात अवश्य मिलेगी. आपको महंगाई, बेरोजगारी तथा किसान भाइयों को भाजपा के ललका सांड से निजात दिलाना ही हमारा प्रथम उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि इस बार बदलाव की बयार है. सपा सुभासपा की 2022 में सरकार बनने जा रही है. उन्होंने जनपद गाजीपुर, जांगीपुर विधानसभा ग्रामसभा भरसर में जनसभा को संबोधित किया.
प्रदेश में सभी व्यवस्थाएं फेल हो चुकी हैं: ओमप्रकाश राजभर
ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा पर एक के बाद एक कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी व्यवस्थाएं फेल हो चुकी हैं. पिछले 5 सालों में शिक्षा का स्तर बढ़ा है यह दावा करने वाली झूठी सरकार के एक नेता तो बारहवीं के बाद बच्चों को इंटर कराने वाले हैं.
