Today Breaking News

मनोज सिंहा ने सोमेश्वर महादेव मंदिर में किया रुद्राभिषेक - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को मुहम्मदाबाद नगर से सटे बैजलपुर ग्राम स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान शिव का दर्शन पूजन एवं रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी एवं श्रीराम राय कमलेश के नेतृत्व में ब्राम्हण एवं मंदिर के पुजारियों ने शंख एवं घंटा बजा कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुहम्मदाबाद क्षेत्र के कोने-कोने से उनके चाहने वाले समर्थक स्वागत के लिए उपस्थित रहे।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने षोडशोपचार विधि से भगवान सोमेश्वर नाथ का अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने गंगाजल दूध पंचामृत बेलपत्र धतूरा पुष्प अबीर गुलाल चढ़ा कर स्वयं के साथ-साथ पूरे राष्ट्र के कल्याण हेतु प्रार्थना किया। पूजन उपरांत ब्राह्मणों ने रक्षा सूत्र एवं प्रसाद के साथ अपना आशीर्वाद प्रदान किया। विदित हो कि नागर शैली में बना भगवान सोमेश्वर नाथ का अत्यंत प्राचीन मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है। 

बताया जाता है कि बाबा विश्वनाथ के बाद गाजीपुर जनपद में सोमेश्वर नाथ महादेव को स्वयंभू शिवलिंग की मान्यता प्राप्त है। इस अवसर पर महामहिम मनोज सिन्हा ने बताया कि हमारी इच्छा थी कि एक बार यहां पर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन पूजन करूं। पूजन कार्यक्रम के बाद उन्होंने उपस्थित क्षेत्रवासियों से कुशल क्षेम जाना। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव मोहनपुरा के लिए रवाना हो गए। जहां पहुंचने के बाद वह परिजनों से मुलाकात कर पुनः वापस लौट गए।

सपा ने जताया ऐतराज, चुनाव आयोग को लिखा पत्र

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा जनपद गाजीपुर में अपने संवैधानिक पद का दुरूपयोग कर जिला प्रशासन पर बे वजह दबाव बनाकर एवं मंदिर दर्शन के बहाने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में पिछले दो दिनों से चुनाव प्रचार कर रहे। जिससे निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से चुनाव होना संभव नहीं है। यह आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने चुनाव आयोग से उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।

'