Today Breaking News

गाजीपुर के जहूराबाद के दंगल में हर बार ‘रंग’ बदलते रहे ओमप्रकाश राजभर

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जहूराबाद के सियासी दंगल में उतरे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर हर बार ‘रंग’ बदल देते हैं। सीट पर उनका यह तीसरा चुनाव और तीसरा ही गठबंधन है। पीला रंगधारी ओमप्रकाश राजभर को 2012 में ‘हरा’ व 2017 में ‘भगवा’ और अब ‘लाल’ रंग का साथ मिला है। सपा गठबंधन के बूते वह जंग जीतने की तैयारी में हैं। हालांकि पिछले चुनाव में वह जिस भाजपा के समर्थन से विधायक निर्वाचित हुए थे, इस बार उसी से कड़ी चुनौती है।

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर जहूराबाद सीट पर पहला विधानसभा चुनाव 2012 लड़े थे। तब उन्हें कौमी एकता दल का समर्थन प्राप्त था। तब सपा की शादाब फातिमा ने जीत हासिल की थी। बसपा के कालीचरण राजभर दूसरे और ओमप्रकाश राजभर तीसरे नंबर पर रहे थे। इसके बाद 2017 के चुनाव में उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन कर लिया। भाजपा गठबंधन में सुभासपा के खाते में जहूराबाद व जखनियां सीट मिली। 

जहूराबाद पर ओमप्रकाश राजभर और जखनियां पर त्रिवेणी राम चुनाव जीतने में सफल रहे थे। ओमप्रकाश राजभर प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहे, लेकिन आए दिन सरकार के खिलाफ राग अलापने से चुनावी गठबंधन की गांठ जल्दी ही ढीली पड़ गई। अंत में उन्होंने इस्तीफा देकर भाजपा सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया। विधानसभा चुनाव से ऐन वक्त पहले सपा-सुभासपा का गठबंधन हुआ है। गठबंधन में सपा ने जहूराबाद सीट ओमप्रकाश राजभर को दी है। 

उधर, जहूराबाद सीट पर हर पर कड़ी टक्कर देने वाले बसपा के पूर्व विधायक कालीचरण राजभर इस बार भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा ने अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में राजभर बिरादरी के दो बड़े नेताओं के बीच सियासी दंगल दिलचस्प होने की उम्मीद है।

चुनाव के लिए गठबंधन होते हैं फिर बदलते रहते: ओमप्रकाश राजभर

सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने हर चुनाव में गठबंधन बदलने के सवाल पर कहा कि कोई भी ऐसा दल नहीं है, जो गठबंधन वाली पार्टी के साथ हमेशा रहता हो। गठबंधन चुनाव के लिए होते हैं फिर बदलते रहते हैं।

पिछले चुनावों पर एकनजर

विधानसभा 2017

ओमप्रकाश राजभर (सुभासपा) 86583

बसपा के कालीचरण राजभर (बसपा) 68502

महेंद्र चौहान (सपा) 64574

विधानसभा 2012

शादाब फातिमा - ( सपा) 67012,

कालीचरण राजभर (बसपा ) 56534

ओमप्रकाश राजभर (सुभासपा) 48865

'