Today Breaking News

गाजीपुर में भाजपा नेताओं को गांव में जनसंपर्क से रोकने के विवाद में दो गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी रामनरेश कुशवाहा व समर्थकों को यादव बहुल्य गांव में जनसंपर्क से रोकने को लेकर हुए विवाद में दो सपा समर्थकों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बुधवार भाजपा प्रत्याशी के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय ने थाने में धरना दिया था। 

सीओ ओजस्वी चावला के मुकदमा दर्ज के आश्वासन पर भाजपा का धरना समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता मलसा निवासी श्रवण राम की तहरीर पर जयंतीदासपुर निवासी वीरेंद्र यादव और मुनीब यादव सहित दस के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

केंद्रीय मंत्री संजीब बालियान ने थाने में दिया था धरना

जंगीपुर थाना क्षेत्र के नावापुर गांव में बुधवार की दोपहर चुनाव का प्रचार कर रहे भाजपा के जंगीपुर विधानसभा प्रत्याशी रामनरेश सिंह कुशवाहा सहित उनके समर्थको को बाइक सवार सपा कार्यकर्ताओं ने गांव में घुसने से रोक दिया। आरोप है कि सपा वोटरों का गांव बताकर लौटने की धमकी दी। इसको लेकर वहां भाजपा कार्यकर्ताओं और सपाइयों में टकराव की नौबत आ गई। प्रत्याशी व समर्थकों से अभद्रता भी की। ग्रामीणों के बीच बचाव के बाद सपा कार्यकर्ता वहां से भाग निकले। 

इस घटना से नाराज भाजपा प्रत्याशी रामनरेश सिंह कुशवाहा अपने समर्थको के साथ जंगीपुर थाने में धरने पर बैठ गए और सपा कार्यकर्तओं की बाइक की गाड़ी के नंबर के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही केंद्रीय पशुपालन व डेयरी राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा आदि भी प्रत्याशी के साथ थाने में धरने पर बैठ गए।

गांव में प्रचार से रोकने व बदसलूकी करने के मामले में दो नामजद सहित 10 अज्ञात के खिलाफ एससी व एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता व सुहवल थाना क्षेत्र के मलसा निवासी श्रवण कुमार राम की तहरीर पर जयंतिदासपुर निवासी वीरेंद्र यादव और मुनीब यादव सहित 10 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जंगीपुर एसओ जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।