Today Breaking News

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित पूर्व विधायक विजय मिश्रा को न्यायालय में किया पेश

गाजीपुर न्यूज़ टीम, भदोही. सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित पूर्व विधायक शुक्रवार को एमपी, एमएलए कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच पेश हुए। उन्हें आगरा जेल से वज्र वाहन से लाया गया और पुलिस लाइन में ठहराया गया था। दोपहर 12 बजे न्यायालय में पेश किया गया। उनके खिलाफ आरोप पत्र तय किया है, इसलिए कोर्ट में पेश किया गया। न्यायाधीश ने अगली तारीख दे दी है। इस मामले में पूर्व विधायक का पुत्र विष्णु मिश्र व नाती ज्योति मिश्र भी आरोप हैं। विष्णु फरार चल रहा है।

गुरुवार की देर शाम पूर्व विधायक को स्थानीय पुलिस आगरा जेल लेने पहुंची। वहां मेडिकल कराने के बाद वज्र वाहन से लेकर रवाना हुई। सुबह आठ बजे ज्ञानपुर पहुंचने पर उन्हें पुलिस लाइन में रखा गया। पुकार होने पर पुलिस ने उन्हें पेश किया। उनके जिले में प्रवेश करते ही उनके समर्थकों की भीड़ लग गई। ऊंज सीमा से लेकर ज्ञानपुर तक उनसे मिलने के लिए भीड़ लगी रही। उधर उनकी पेशी के लिए कई थानों की पुलिस व पीएसी लगी थी। उन्हें किसी से नहीं मिलने दिया गया। कोर्ट में पेश होने के बाद पुलिस उन्हें वज्र वाहन से आगरा लेकर लौट गई।

दिसंबर 20 में दर्ज हुआ था मुकदमा : वाराणसी की एक गायिका ने गोपीगंज कोतवाली में दिसंबर 20 में तत्कालीन ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र, उसके बेटे विष्णु व नाती ज्योति मिश्र के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि चुनाव में उसे गाने के लिए बुलाया था। उसका कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने विधायक को सगरा मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था। तब से वह आगरा जेल व नाती ज्योति मिश्र ज्ञानपुर जिला कारागार में बंद है। शुक्रवार को आरोप पत्र तय किया गया इसलिए चार्ज के लिए उन्हें न्यायालय में पेेश किया गया था।

'