Today Breaking News

मधुर तरंग होटल की चल संपत्ति कुर्क; दहेज हत्या मामले में हुई कार्यवाही - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दहेज हत्या के आरोपित सास, ससुर और देवर की गिरफ्तार नहीं होने पर कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने रविवार को शहर के लंका-स्टेशन रोड स्थित मधुर तरंग होटल की चल संपत्ति को कुर्क कर दिया। आंकड़ों के अनुसार करीब नौ लाख रुपये की संपत्ति कुर्क हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है।

बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर निवासी आशा जायसवाल की शादी शहर कोतवाली के प्रकाशनगर निवासी आशुतोष जायसवाल से हुई थी। पांच जून 2021 को प्रकाश नगर स्थित मकान के एक कमरे में आशा का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। इस पर आशा के भाई बबलू जायसवाल ने पति आशुतोष जायसवाल, श्वसुर उदय प्रताप जायसवाल, सास सुधा जायसवाल और देवर अश्वनी जायसवाल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।

घटना के दिन ही पुलिस ने पति आशुतोष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं सास, श्वसुर और देवर तभी से फरार चल रहे थे। पुलिस ने काफी प्रयास किया, लेकिन इनकी गिरफ्तार नहीं हो सकी, वहीं चेतावनी के बाद भी यह हाजिर नहीं हुए। इस पर कोर्ट ने इनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया। बीते 27 जनवरी को पुलिस ने प्रकाशनगर स्थित आरोपितों के घर को कुर्क कर दिया। बावजूद इसके हाजिर नहीं होने पर रविवार को होटल की नौ लाख रुपये के चल संपत्ति को भी कुर्क कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से संबंधितों में खलबली मची हुई है। 

होटल को दे दिया था किराये पर

होटल मधुर तरंग सुधा जायसवाल के नाम से था। घटना के कुछ दिनों बाद ही सुधा ने इसे किराए पर दे दिया था। यही कारण था कि पुलिस इसे कुर्क नहीं कर पा रही थी। बीते 14 मार्च को किराये का एग्रीमेंट समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस कोर्ट पहुंची और मामले से अवगत कराया। कोर्ट के आदेश पर होटल को भी कुर्क कर दिया गया।

दहेज हत्या के आरोपित श्वसुर, सास और देवर एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद भी हाजिर नहीं हो रहे थे। कोर्ट के आदेश पर होटल मधुर तरंग की चल संपत्ति को कुर्क किया गया है। जिसकी कीमत करीब नौ लाख रुपये है।- विमलेश मौर्या, सदर कोतवाल।

'