Today Breaking News

मौसम विभाग ने दी खुशखबरी, गर्मी से जल्द मिलेगी राहत; इस दिन यूपी पहुंचेगा मानसून

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. आग उगल रही गर्मी से इन दिनों सभी परेशान हैं। हीटवेव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गर्मी की वजह से लोग घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। अब तो लोगों को बेसब्री से मानसून का इंतजार है। इस बारे में मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है। मौसम विभाग ने बता दिया है कब यूपी में मानसून पहुंचेगा।

मौसम विभाग ने भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के लिए राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण में तैयार हो रहे सिस्टम ने पहले ही संकेत दे दिया है कि मानसून की आमद जल्द हो सकती है। उसका कहना है कि इस बार मानसून केरल में 27 मई को पहुंच रहा है, यानी कि वक्त से पहले इसलिए देश के अन्य राज्यों में भी ये जल्द ही पहुंचेगा इसलिए ये इस बार यूपी में 20 जून के आसपास दस्तक देगा।

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर सरकुलेशन तैयार हो रहा है। यहां 22 मई से मौसम का रंग बदलेगा। बादल रहेंगे और तापमान में गिरावट होगी। आंधी के साथ बरसात के भी पूरे आसार हैं। उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन होगा वह स्थानीय कारकों के कारण होगा। मौसम विभाग के मुताबिक इसके पूर्व गर्मी और उमस रहेगी। शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर तैयार हो रहे सरकुलेशन का असर 22 मई की शाम से ही दिखने लगेगा। इसके अगले दो दिन यानी 23 और 24 मई को बदली रहेगी। तेज हवाएं चलेंगी। दो-तीन चरण में बरसात भी होगी। इस सरकुलेशन का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में अधिक होगा। यह अपना असर मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक दिखाएगा। इन दिनों में तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रात में भी गर्मी से मामूली राहत मिलेगी। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।

गुरुवार को भी आसमान से आग बरसने का क्रम जारी रहा। राजधानी का अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झांसी और कानपुर में 46.3 और प्रयागराज में 45.7 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान मेरठ में 21.3 और बरेली में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

'