Today Breaking News

गाजीपुर में भूसे में मिला युवक का शव, 3 जून से था लापता

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव के पास भूसा रखने के टीन शेड में एक शव बरामद हुआ। गांव के कुछ लड़के जामुन तोड़ रहे थे तभी एक जामुन भूसे वाले घर में जा गिरा। जब लड़के जामुन निकालने गए तो उसमें एक हाथ दिखाई दिया। बच्चों ने शोर मचाते हुये ग्रामीणों को जानकारी दी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और भूसा हटाया तो उसमें सड़ा हुआ शव मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने तत्काल दुल्लहपुर थाने को दी।

सीमा विवाद में आधे घंटे उलझी रही पुलिस

सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल पुलिस पहुंच गई। सीमा की विवाद के चलते आधे घंटे तक बिरनो थाना और दुल्लहपुर पुलिस उलझी रही। आधे घंटे बाद पता चला कि घटनास्थल दुल्लहपुर थाने के धर्मागतपुर गांव क्षेत्र में पड़ता है। तत्काल दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने शव को कब्जे में ले लिया और थाने लेकर पहुंचे।

शव की शिनाख्त खुद मृतक के पिता बासुदेव राजभर नें अपने पुत्र नन्द किशोर राजभर (28) निवासी धर्मागतपुर के रूप में की। उन्होंने बताया कि मृतक नंद किशोर काफी दिनों से विक्षिप्त था और 3 जून से लापता था। जिसकी काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। दुल्लहपुर थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने कहा कि परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

'