Today Breaking News

गंगा दशहरा पर मां विंध्यवासिनी धाम में उमड़ी आस्था, जयकारों से गूंजा जाह्नवी का तट

गाजीपुर न्यूज़ टीम, मिर्जापुर. आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी की चौखट पर गुरुवार को गंगा दशहरा पर श्रद्धा, विश्वास व आस्था की अनंत बूंदें एकाकार हुईं। मां गंगा की आंचल से मां विंध्यवासिनी के आंगन तक आस्था की हिलोरें दिखी मानो विंध्यधाम श्रद्धा की गंगा में तब्दील हो गया हो। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक आज ही के दिन मां गंगा धरती पर अवतरित हुई थीं। उनके प्राकट्य दिवस को ही मां गंगा के भक्त उत्सव के रूप में मनाते हैं।

गांव-देहात हो या शहर सभी जगह आस्था और श्रद्धा के साथ गंगा दशहरा मनाया गया। भीषण गर्मी के बीच गंगा दशहरा के उत्सव का रंग और चटख हो गया। मां विंध्यवासिनी के आंगन से लेकर गंगा घाटों पर आज इतनी भीड़ थी कि तिल रखने तक की जगह नहीं थी। यज्ञोपवीत व मुंडन संस्कार होने के नाते श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक थी। दूर-दराज से विंध्यधाम पहुंचे श्रद्धालु सबसे पहले गंगा में आस्था की डुबकी लगाई, फिर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए मंदिर की ओर बढ़े। दर्शन-पूजन करने वालों का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां विंध्यवासिनी की चौखट पर श्रद्धा-भाव से शीश झुकाया। भोर की मंगला आरती से पहले ही भक्त गर्भगृह की ओर जाने के लिए कतारबद्ध हो गए थे। आरती के पश्चात जैसे ही कपाट खुला माता के जयकारे से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।

दर्शनार्थियों का जत्था गंगा स्नान-ध्यान कर माता दरबार की ओर पहुंच रहा था। हाथ में नारियल, चुनरी, माला-फूल प्रसाद लेकर कतारबद्ध श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। भीषण गर्मी की परवाह किए बगैर भक्त माता के दर्शन-पूजन के लिए डटे रहे। भीड़ के चलते अधिकांश श्रद्धालुओं ने झांकी से दर्शन कर लाभ उठाया। गंगा दशहरा पर मां विंध्यवासिनी का गुड़हल, गुलाब के पुष्प सहित रजतमणि आभूषणों से शृंगार किया गया था। श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के भव्य श्रृंगार का दर्शन पाकर भाव-विभोर हो उठे। मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर पर विराजमान समस्त देवी-देवताओं को नमन किया। भक्तों ने मंदिर के ऊपर गुंबद व हवन कुंड की परिक्रमा कर पुण्य का लाभ कमाया। अधिकांश भक्तों का कारवां विंध्य पर्वत पर विराजमान मां काली व मां अष्टभुजा दरबार पहुंच रहा था। दर्शन-पूजन के बाद विंध्यधाम में सजी दुकानों से महिलाएं अपनी-अपनी जरूरत का सामान खरीदती नजर आईं।

स्नान-ध्यान कर उतारी मां गंगा की आरती : गंगा दशहरा पर विंध्यधाम श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। विंध्याचल धाम के दीवानघाट, पक्काघाट, गुदाराघाट समेत अन्य घाटों पर भोर से ही भक्तों की भारी भीड़ दिखी। श्रद्धालु स्नान-ध्यान कर मां गंगा की आरती उतारने के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए आगे बढ़ रहे थे। यह सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। चिलचिलाती धूप में घाटों पर छांव की पर्याप्त व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं उन्हें तपती रेती पर नंगे पांव चलने को विवश होना पड़ा।

'