Today Breaking News

जिला पंचायत सदस्‍य ने आवास दिलाने के नाम पर लड़की को स्‍कूल में ले जाकर किया रेप

गाजीपुर न्यूज़ टीम, देवरिया. देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र में आवास दिलाने के नाम पर जिला पंचायत सदस्य ने एक युवती के साथ मंगलवार रात में दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गौरीबाजार क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय युवती का आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य सुनील निषाद निवासी बर्दगोनिया ने आवास दिलाने का झांसा देकर मंगलवार देर रात उसे बुलाया और अपने चारपहिया वाहन में बैठा लिया। वाहन में उसका एक साथी भी था। पंचायत सदस्य उसे लेकर पास के गांव के स्कूल में पहुंचा। 

वहां पंचायत सदस्य ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बुधवार की भोर में सुनील का साथी उसे कार से उसके घर के समीप सड़क पर छोड़कर भाग गया। परिवार वालों को आपबीती बताने के बाद पीड़िता थाने पहुंची और पंचायत सदस्य के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गौरी बाजार की घटना है जिसमें पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुनील नामक व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज़ कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। -संकल्प शर्मा, एसपी, देवरिया