Today Breaking News

लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा के लिए शुल्क जमा करने की डेट बढ़ी, यहां चेक करें पूरी डिटेल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने राजस्व लेखपालों की भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए आनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम समय-सीमा बढ़ा दी है। मुख्य परीक्षा के लिए आनलाइन शुल्क अब 24 जुलाई तक जमा किया जा सकेगा।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया कि मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए आनलाइन शुल्क जमा करने की तारीख पहले 19 जून तय की गई थी। मुख्य परीक्षा अब 19 जून की बजाय 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

इसलिए मुख्य परीक्षा के लिए आनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है। शुल्क जमा करने के बाद ही अभ्यर्थी अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र डाउनलोड करने की सूचना आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अलग से दी जाएगी।

बता दें कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राजस्व लेखपाल के 8085 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी थी। आयोग ने नोटिस जारी कर बताया था कि 19 जून को लेखपाल भर्ती की परीक्षा नहीं होगी। यह परीक्षा अब 24 जुलाई, 2022 को आयोजित होगी।

राजस्व लेखपाल के 8,085 पदों पर भर्ती की मुख्य परीक्षा का लंबे समय से लाखों अभ्यर्थी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेखपाल भर्ती में सिर्फ पीईटी में हिस्सा लेने वाले अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे। भर्ती के लिए इंटरव्यू का आयोजन नहीं किया जाएगा। केवल लिखित परीक्षा के जरिए फाइनल रिजल्ट जारी होगा।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने यह भी बताया कि सम्मिलित प्रवर/अवर वर्ग सहायक, पूर्ति निरीक्षक मुख्य परीक्षक 29 जून को कराया जाना प्रस्तावित था लेकिन, यह परीक्षा भी अपरिहार्य कारणों से तय तारीख के बजाए अब 17 जुलाई को कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र जारी करने के लिए वेबसाइट पर अलग से सूचित किया जाएगा।