Today Breaking News

चांद की ओट में छिप जाएगा मंगल ग्रह, 23 जून को देखिए यह विलक्षण खगोलीय नजारा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. 21 जून को वर्ष का सबसे लंबा दिन होगा, जबकि रात छोटी होगी। ऐसा पृथ्वी का अक्षीय झुकाव सूर्य की ओर अधिकतम होने के कारण होता है। चंद्रमा भी बृहस्पति के करीब पहुंचेगा। फिर 22 जून को लाल ग्रह मंगल के करीब आ जाएगा। ठीक अगले दिन 23 जून को चंद्रमा अन्य सभी ग्रहों की तुलना में बड़ा दिखेगा। अधिक चमकदार भी होगा। 

चंद्रमा गति करते हुए मंगल के आगे आ जाएगा जिससे कुछ घंटे के लिए लाल ग्रह को देखपाना संभव नहीं होगा। यह खगोलीय घटना किसी भी खुले स्थान से बिना दूरबीन के देखी जा सकेगी।

पिछले वर्ष 17 अप्रैल को भी बना था यह संयोग 

जवाहर तारा मंडल के निदेशक डा. वाई रविकिरन ने बताया कि भारत में रात एक बजे मंगल और चंद्रमा का उदय होगा। इसकी वजह से उपगूहन की घटना यहां नहीं देखी जा सकेगी। अंटार्कटिका महाद्वीप क्षेत्र में यह घटना दृश्यमान होगी। शाम 5:30 बजे से 8:30 बजे तक उपगूहन रहेगा। पिछले वर्ष 17 अप्रैल को भी यह संयोग बना था।

एक सीध में होंगे पांच ग्रह

18 साल बाद बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि एक सीध में आए हैं। यह संयोग तीन जून से बना है। पूरे माह यही स्थिति रहेगी। इसके बाद 2040 में ऐसा संयोग बनेगा। जवाहर तारा मंडल की विज्ञानी सुरूर फातिमा ने बताया कि प्रयागराज व आसपास के क्षेत्र के लोग किसी भी खुले स्थान से बिना दूरबीन के यदि आसमान को देखेंगे तो 18 जून को चंद्रमा शनि के निकट दिखाई देगा। 26 जून को चंद्रमा के पास शुक्र नजर आएगा। ग्रहों के गतिमान होने के कारण 27 जून को चंद्रमा के पास बुध देखा जा सकेगा। इससे पहले 14 जून को पूर्णिमा होगी जब कि 29 जून को अमावश्या।

जून महीने में आकाश में दिखने वाली राशियां

कर्क, सिंह, कन्या, तुला और वृश्चिक बिना दूरबीन के इस महीने आकाश में दिखाई देंगे। इनके साथ वासुकी, हस्त, नरतुरंग, भूतप, उत्तर मुकुट, शौरी, भुजंगधारी, हंस, स्वरमंडल और गरुड़ को भी देखा जा सकेगा। अन्य चमकीले तारे जो दृश्यमान हैं उनमें मघा, चित्रा, ज्येष्ठा, स्वाति, अभिजीत, श्रवण और डेनेब शामिल हैं। इनके पास जो धुंधली पट्टी दिखाई देगी वही आकाशगंगा है।

जाने किस राशि में कौन ग्रह

सूर्य वृषभ राशि में है। जो 21 जून को मिथुन राशि में प्रवेश करेगा। सबसे छोटा ग्रह बुध वृषभ राशि में है और प्रातः 4:30 बजे उदय होगा। सबसे चमकीला ग्रह शुक्र मेष राशि में है। रात्रि 3:00 बजे उदय होगा। लाल ग्रह मंगल और सबसे बड़ा ग्रह बृहस्पति मीन राशि में हैं, जो रात्रि के 1:40 बजे उदय होंगे। वलयाकार शनि ग्रह, मकर राशि में है और रात्रि 11:40 बजे उदय होगा।

'