Today Breaking News

बहन की शादी में किया तमंचे पर डिस्को, भाई के साथ बुआ का लड़का भी गया जेल - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र में दो युवकों द्वारा तमंचे पर डिस्को का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। जिसका संज्ञान लेते हुए वीडियो की जांच कर, शुक्रवार को पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। युवकों के पास से दो अवैध तमंचा बरामद हुए हैं। दोनों को थाने लाने के बाद, दोपहर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से न्यायालय के आदेश पर दोनों युवकों को जेल भेज दिया गया।

बहन की शादी में बुआ के लड़के के साथ भाई कर रहा था तमंचे पर डिस्को

वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि यह वीडियो सैदपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर ककरही गांव का है। वीडियो में दिख रहे दोनों लड़कों में एक का नाम लकी और एक का सदानंद है। जांच आगे बढ़ी, तो पता चला कि बीते 12 जून को थाना क्षेत्र के नारायनपुर ककरही गांव निवासी कृष्ण देव के बेटी की शादी थी। जहां डीजे पर कृष्ण देव का पुत्र लकी कुमार और पिपनार गांव निवासी बहन का लड़का सदानंद कुमार हाथ में अवैध तमंचा लहराते हुए डांस कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने इनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जब पुलिस युवकों के घर पहुंची तो दोनों फरार मिले।

दोनों को घेर कर पुलिस ने किया गिरफ्तार

शुक्रवार की सुबह थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह को यह सूचना मिली की अवैध तमंचा लहराने के आरोपी, लकी और सदानंद क्षेत्र के बौरवां गांव के पास सैदपुर सादात मार्ग पर है। जिसके बाद उपनिरीक्षक हैदर अली और गोविंद मौर्य आदि पुलिसकर्मियों के साथ थानाध्यक्ष ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर के बाद दोनों आरोपियों को बौरवां स्थित नहर पुलिया पर घेर कर गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पुलिस ने एक-एक 315 बोर का अवैध देसी तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह नेता बताया कि इनकी गिरफ्तारी क्षेत्र के मनबढ़ युवकों के लिए नसीहत है। किसी को भी लॉ एंड ऑर्डर के खिलाफ नहीं जाने दिया जाएगा। सोशल साइटों पुलिस की बारीक नजर बनी हुई है।

'