Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार, रेड अर्लट

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही तेज बारिश से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गाजीपुर में जलस्तर चेतावनी बिंदु पार कर गया है। शुक्रवार को चार सेंटी मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई। पानी बढ़ने की रफ्तार को देखकर प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। वहीं तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत व्याप्त है।

जिला प्रशासन की ओर से गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर इससे निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर दिशा निर्देश जारी कर दिया गया है। गंगा का बढ़ाव निरंतर बना हुआ है। बीते दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सुबह नौ बजे के बाद गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। शाम पांच बजे तक चार सेंटीमीटर की रफ्तार से पानी बढ़ रहा था। गंगा के बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती गांवों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं शहर के घाटों के किनारें दुकान संचालक भी अब दुकान बंद कर दिया है। घाटों पर तैनात पुलिसकर्मी भी लोगों को किनारें पर हीं स्नान करने के लिए सुझाव दे रहे है।

बाढ़ ग्रसित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

गंगा के लगातार बढ़ रहे जलस्तर से प्रशासन भी अर्लट मोड़ में आ गया है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सेवराई राजेश प्रसाद ने बाढ़ ग्रसित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वहीं इससे निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया।

सेवराई एसडीएम राजेश प्रसाद ने ग्राम संभा हसनपुरा, बीरऊपुर, अठहठा, नसीरपुर ,रामपुर, रेवतीपुर, आदि गांवों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों के संपर्क में रहने के लिए निर्देशित किया। उन्होने कहा कि गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए सर्तकता बरतने की जरूरत है। बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। पिछले दिनों से मानसून की सक्रियता से गंगा में तेजी से पानी बढ़ रहा है। उन्होने स्थानीय ग्रामीणों से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सूचना दे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सर्तक रहने की जरूरत है। सर्तक रहने से किसी भी दुर्घटना से बचा जा सकता है।

गांव के समीप पानी पहुंचने से लोग परेशान

सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने से कर्मनाशा नदी का भी जलस्तर बढ़ने लगा है। जिससे कर्मनाशा नदी के किनारे के लोगों को बाढ़ की चिंता सताने लगा है। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है। गंगा नदी का पानी तहसील क्षेत्र के खुदरा पथरा गांव के समीप पहुंच गयी है। जलस्तर में वृद्धि होने से लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

'