Today Breaking News

पहले काटा मुर्गा फ‍िर बीच सड़क रेता पत्‍नी का गला, बच्‍चों-ग्रामीणों को भी मारने दौड़ा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. इटौंजा के हेमी गांव में मंगलवार रात नशे में धुत कसाई का काम करने वाले श्यामू रावत ने 35 वर्षीय पत्नी किरन रावत की हत्या कर दी। श्यामू ने घर के बाहर बीच सड़क बांके से गर्दन काटकर पत्नी को मौत के घाट उतारा। पत्नी को मारने के बाद वह अपने बच्चों और ग्रामीणों की ओर बांका लेकर दौड़ा। डरकर जब सब भागे तो वह बड़े भाई रामू की ओर बढ़ा। खून से सना बांका लेकर श्यामू को अपनी ओर आता देख रामू भागकर घर के अंदर घुस गए और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद श्यामू ने बांके से घर के बाहर रखी कुर्सियां काट डाली।

पुल‍िस को देख हवा में लहराया बांका 

ग्रामीणों की सूचना पर सीओ बीकेटी नवीना शुक्ला और पुलिस कर्मी पहुंचे। रामू, पुलिस कर्मियों को देख वह हवा में बांका चलाने लगा। इस पर दारोगा आदित्यनाथ दुबे और ड्राइवर शशिकांत ने साहस का परिचय देते हुए दौड़कर श्यामू को पकड़ लिया। सीओ बीकेटी ने बताया कि आरोपित श्यामू नशे में धुत है। उससे पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों और आरोपित के बड़े भाई रामू ने पूछताछ में बताया कि श्यामू 15 दिन पहले हरियाणा गया था। वहां एक बूचड़खाने में मांस काटने का काम करता था। दो दिन पहले ही वह लौटा था। उसके बाद से उसके व्यवहार में काफी परिवर्तन था। वह कुछ विचित्र तरह की हरकत कर रहा था।

दोस्त के घर मुर्गे की भी उड़ा दी थी गर्दन 

सीओ ने बताया कि श्यामू शाम को अपने दोस्त मुन्ना के घर गया था। मुन्ना मांस काटने का काम करता है। उसके घर से बांका लेकर आया था। मुन्ना के घर पर मुर्गे पले थे। श्यामू ने बांके से पहले मुन्ना के मुर्गे की गर्दन उड़ाई। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा। घर पर पत्नी किरन सब्जी काट रही थी। गाली-गलौज करता हुआ उसकी ओर दौड़ा। किरन बचाव में घर के बाहर भागी। श्यामू ने किरन को दौड़ा लिया।

किरन लड़खड़ा कर सड़क पर गिर पड़ी। श्यामू ने बांके से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। यह देख श्यामू के बच्चे बचाव में दौड़े तो वह उनकी ओर बांका लेकर दौड़ा। बच्चे भागकर पड़ोसी के घर में घुस गए। ग्रामीण दौड़े तो वह उन्हें भी मारने के लिए दौड़ा। श्यामू का इतना उग्र रूप देखकर भाई रामू ने विरोध किया तो वह उन्हें भी मारने दौड़ा था। घटना से अभी भी पूरे गांव और श्यामू के बच्चों में दहशत है।

सुबह से कह रहा था कि करूंगा बड़ा तमाशा 

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि श्यामू सुबह से अजीब तरह की हरकतें कर रहा था। उसने कई ग्रामीणों से कहा था कि शाम तक वह कुछ बड़ा करेगा। सभी लोग तमाशा देखना। लेकिन श्यामू की इस बात को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। हंसी में उड़ा दिया था। किसी को इस बात का तनिक भी आभास नहीं था कि वह इतनी बड़ी घटना कर बैठेगा।

'