Today Breaking News

दीपावली के दीपक देश के आदर्शों, मूल्यों और दर्शन के जीवंत ऊर्जापुंज - PM मोदी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, अयोध्या. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री दूसरी बार रामनगरी अयोध्या पहुंचे। साकेत महाविद्यालय के ग्राउंड पर बने हेलिपैड पर उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन, सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह व अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेताओं व अधिकारियों ने किया।

पूरा देश प्रभु श्रीराम का अपना आराध्‍य मानता है- पीएम मोदी 

दीपोत्‍सव के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्रीराम का अभिषेक किया और जय स‍ियाराम जय जय श्रीराम के नारे के साथ भाषण का शुभारंंभ क‍िया। पीएम मोदी ने कहा क‍ि श्रीरामलला के दर्शन और उसके बाद राजा राम का अभिषेक, ये सौभाग्य रामजी की कृपा से ही मिलता है। मुझे खुशी है कि आज देश-विदेश में अयोध्या के इस भव्य आयोजन का प्रसारण हो रहा है। मैं आप सबको बधाई देता हूं। 

पीएम मोदी ने कहा क‍ि भगवान श्रीराम का जीवन बताता है कि हमारे अधिकार हमारे कर्तव्य से स्वयं सिद्ध हो जाते हैं। श्रीराम ने अपने जीवन में कर्तव्यों को सर्वाधिक जोर दिया। उन्होंने वन में रहकर साधुओं की संगत की।

पीएम मोदी ने कहा कि एक समय वो भी था जब हमारे ही देश में श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे। इसका नतीजा यह हुआ कि हमारे देश के धार्मिक स्थलों का विकास पीछे छूट गया। पिछले आठ साल में हमने धार्मिक स्थानों के विकास के काम को आगे रखा है। हमने भारत के तीर्थों के विकास की एक समग्र सोच को सामने रखा है।

राममंदिर निर्माण स्थल का लिया जायजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहाँ से राम जन्म भूमि गए। वहां हो रहे कार्यों का अवलोकन लिया। यहाँ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चंपत राय भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीरामलला विराजमान में दर्शन पूजन के बाद सीधा निर्माणाधीन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का रुख किया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण स्थल का अवलोकन किया। उनके साथ राममंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय भी मौजूद थे।

रामलला का दर्शन पूजन आरती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामलला का दर्शन पूजन किया।आरती उतारी। दीप जलाए।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी रामलला की पूजा अर्चना की। पीएम मोदी ने रामलला की परिक्रमा की। जेब से निकालकर दानपात्र में दान डाला। प्रधानमंत्री ने सबसे पहले मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चरणों में हाजिरी लगाई। रामलला की परिक्रमा कर प्रधानमंत्री ने सुखी व सशक्त राष्ट्र की कामना की।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राम नगरी अयोध्या के दौरे पर जाने के लिए लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पर उतरे। यहां से हेलीकाप्टर के बेड़े के साथ रामनगरी अयोध्या के लिए प्रस्थान किया। एयरपोर्ट पर लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया तथा विधायक जया देवी कौशल ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगवानी के लिए भगवान राम की नगरी अयोध्या तैयार है। यहां पर आज दीपोत्सव पर करीब 15 लाख दीपक जलाए जाएंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी इस बार दीपोत्सव को यादगार बनाएंगे। महापौर संयुक्ता भाटिया ने लखनऊ में उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम विराजमान का दर्शन करने करीब 14 महीने बाद पहुंचे हैं। भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे तो वहां पर उत्सव का माहौल था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रामनगरी में पांच अगस्त 2021 को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिलान्यास के बाद करीब 14 महीने के अंतराल पर रविवार को अयोध्या आ रहे तो भी महान उत्सव जैसा माहोल है।

पीएम नरेन्द्र मोदी रामकथा पार्क में 05.15 बजे प्रतीक स्वरूप श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे। शाम छह बजे नया घाट पर सरयू नदी की आरती करेंगे। इसके 15 मिनट बाद राम की पैड़ी में दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। देर शाम सात बजे नया सरयू घाट पर ग्रीन एंड डिजिटल फायरवर्क्स का अवलोकन करेंगे। रात करीब आठ बजे पीएम मोदी का लखनऊ से नई दिल्ली वापसी का कार्यक्रम है।

दुल्हन की तरह सजी अयोध्या

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार यानी आज दीपावाली की पूर्व संध्या पर रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर पहुंचेंगे। राजा राम की नगरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसकी खूबसूरती देखते ही बन रही है।

बड़े उत्सव जैसा माहौल

अयोध्या में पीएम नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर बड़े उत्सव जैसा माहौल है। यहां पर जगह-जगह मंगल गीत गाए जा रहे हैं। रामनगरी में पवित्र मोक्षदायिनी सरयू नदी के तट को दीयों से सजा दिया है। आज यहां पर करीब 15 लाख दीपक जलेंगे, इनमें 51 हजार दीपक तो गाय के गोबर से बनाए गए हैं। इनको गाय के घी से ही जलाया जाएगा। इनमें 11 हजार दीपक श्रीराम के निर्माणाधीन मंदिर और 11 हजार दीपक श्रीराम लला विराजमान के मंदिर में जलाए जाएंगे।

पीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा बेहद मुस्तैद

रामनगरी अयोध्या में भव्य और दिव्य दीपोत्सव के मौके पर पीएम मोदी के आगमन के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। डीजीपी मुख्यालय ने अयोध्या के आसपास के जिलों में भी पूरी सतर्कता बरते जाने के साथ ही संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। पीएम मोदी के अयोध्या दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद मुस्तैद हैं।

'