Today Breaking News

अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अलर्ट, दशहरे पर टूटा रिकॉर्ड

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के क्षेत्र का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों तक पहुंचना शुरू हो गया है। मध्य यूपी और पूर्वांचल में मंगलवार से ही हो रही बारिश बुधवार को पश्चिमी यूपी पहुंच गई। दोपहर में बादल छाने शुरू हुए और शाम होते-होते बारिश ने भी दस्तक दे दी। गुरुवार और शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार हैं।

सात अक्तूबर को कुछ स्थानों में मूसलाधार बारिश की भी आशंका है। बारिश का यह दौर आठ अक्तूबर की शाम तक जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। कुल मिलाकर बारिश का यह दौर तीन दिन तक चलने की उम्मीद है। वहीं, पूर्वी यूपी में बारिश मंगलवार की रात से ही हो रही है। इससे गोरखपुर में दशहरे पर बारिश ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। 

11 वर्षों में तीन बार दशहरे पर बारिश

मेरठ में 2012-2022 के 11 वर्षों में तीन बार दशहरे पर बारिश का संयोग बना है। 24 अक्तूबर 2012 को दो मिमी और 15 अक्तूबर 2021 को दशहरे के दिन ही 71.6 मिमी बारिश हुई थी। दशहरे पर दशक की सर्वाधिक बारिश 2021 में ही दर्ज की गई। 2022 में भी दशहरे के दिन बुधवार को 0.1 मिमी बारिश हुई। 

दिन का पारा लुढ़का

बुधवार को मेरठ में दिन का तापमान 33.1 और रात का 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार के सापेक्ष दिन के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई जबकि रात में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी। बावजूद इसके दिन का तापमान सामान्य और रात का चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। शाम 5.30 बजे तक 0.1 मिमी बारिश हुई। 

हवा की गुणवत्ता गिरी, आज से सुधार

बुधवार को मेरठ में एक्यूआई 175 दर्ज हुआ जो मध्यम श्रेणी है। हालांकि अक्तूबर में यह सर्वाधिक स्तर पर दर्ज हुआ। बारिश के असर से आज से हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

दशहरे में टूटा रिकॉर्ड, 90 मिलीमीटर हुई बारिश

गोरखपुर। पूर्वी यूपी में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। इसके कारण पिछले 48 घंटे से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। बुधवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। गहरे काले बादलों ने दशहरे को बारिश से सराबोर कर दिया। बुधवार को जिले में 89.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह दशहरे में सर्वाधिक मूसलाधार बारिश है।

इसके कारण शहर के कई हिस्सों में पानी लग गया है। सड़कों और गलियों मे पानी लगा हुआ है। भारी बारिश के बीच बुधवार को दिनभर प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम भी चलता रहा। मंगलवार से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। बुधवार को भी दिन भर काले बादल छाए रहे। झमाझम बारिश होती रही। इस दौरान तेज हवाएं चलीं।

झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। हवा में अधिकतम नमी 92 फ़ीसदी और न्यूनतम नमी 84 फ़ीसदी रही।

मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि अगले चार दिनों तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा। जिले मे 9 अक्टूबर तक रुक-रुक कर बारिश होगी। इसमें गोरखपुर में 7 अक्टूबर तक मध्यम से भारी बारिश होगी। उसके अगले 2 दिन हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
 
 '