Today Breaking News

पति को छोड़ लिव इन रिलेशन में रही महिला ने प्रेमी पर दर्ज कराया हत्या का मुकदमा, प्रेमी गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. एक वर्षीय बच्ची की पटककर हत्या करने वाले प्रेमी के विरुद्ध महिला ने मुकदमा दर्ज कराया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।

एक माह पूर्व पति को छोड़कर आई थी प्रेमी के पास

पश्चिम चंपारण (बिहार) के भैरोगंज, सिरौना निवासी नंदिनी यादव ने गोरखनाथ थाना पुलिस को तहरीर दी। महिला ने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि अपने प्रेमी आशीष गुप्ता उर्फ जैकी के साथ 10 नंबर बोरिंग के पास किराए पर कमरा लेकर एक वर्षीय बेटी अदिती के साथ रहती थी। मंगलवार की रात में आशीष ने बेटी अदिती की पटककर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक थाना गोरखनाथ दुर्गेश सिंह ने बताया कि एक माह पहले नंदिनी अपने पति राजेश यादव को छोड़कर एक वर्षीय बेटी अदिती को लेकर आशीष के साथ चली आयी थी।

पति नहीं ले गया साथ

शाहपुर थानाक्षेत्र के शक्तिनगर कालोनी की रहने वाली नंदिनी की शादी बिहार, पश्चिम चंपारण के भैरोगंज, सिरोना निवासी राजेश यादव के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे एक वर्षीय बेटा और एक वर्ष की बेटी अदिती थी। 28 सितंबर 2022 को नंदिनी बीआरडी मेडिकल कालेज में पति को छोड़कर बेटी अदिती के साथ प्रेमी के साथ चली गई थी। बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिलने पर राजेश गोरखपुर पहुंचा। पोस्टमार्टम के बाद बेटी का अंतिम संस्कार किया। प्रेमी के जेल जाने पर पत्नी ने साथ चलने की इच्छा जताई लेकिन उसने मना कर दिया। कोई आसरा न होने पर नंदिनी अपने मायके चली गई।

यह है मामला

नंदिनी 28 सितंबर 2022 को पति को छोड़कर अपनी एक वर्षीय बेटी अदिती को लेकर प्रेमी जैकी गुप्ता के साथ चली गई। गोरखनाथ के नयागांव में किराए पर कमरा लेकर दोनों रह रहे थे। रात में नंदिनी का जैकी से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर जैकी ने नंदिनी की गोद से अदिती को छीनकर फर्श पर पटक दिया। अपने चार वर्षीय बेटे को नंदिनी बीआरडी मेडिकल कालेज में छोड़कर चली गई थी। बेटे के साथ पति राजेश उसे ढूंढ रहा था। घटना की जानकारी उसने गुलरिहा थाना पुलिस को भी दी थी। बेटी का अंतिम संस्कार भी राजेश ने किया।

दुष्कर्म के आरोपित किशोर को बाल सुधार गृह भेजा

उधर, दुष्कर्म के आरोपित किशोर को खोराबार थाना पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जहां से बाल सुधार गृह भेज दिया गया। बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती छात्रा की स्थिति में खतरे से बाहर है। प्रभारी निरीक्षक थाना खोराबार कल्याण सिंह सागर ने बताया कि छात्रा से आरोपित की जान पहचान थी। 24 अक्टूबर की दोपहर में छात्रा को बंधक बनाकर किशोर ने दुष्कर्म किया था। पिता की तहरीर पर दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर गुरुवार की सुबह आरोपित को अभिरक्षा में लिया गया है। दोपहर बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

'