Today Breaking News

गाजीपुर में हर्षोल्लास से मनाया पुलिस झंडा दिवस, कर्तव्य की ली शपथ

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद में बुधवार को थानों, पुलिस चौकियों व सभी पुलिस कार्यालयों, पुलिस लाइन में पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ओमवीर सिंह ने पुलिस झंडा को फहराया और सलामी दी। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को अधीनस्थों ने फ्लैग पिन लगाया और प्रतीक चिह्न सौंपा। पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे को 'पुलिस झंडा दिवस' की शुभकामनाएं दीं। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने जिला मुख्यालय स्थित पुलिस कार्यालय पर कर्मचारियों को शपथ दिलाई और डीजीपी का संदेश भी पढ़कर सुनाया।

बुधवार को सुबह सबसे पहले रिजर्व पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। एसपी ने पुलिस लाइन क्वार्टर गार्द में झंडे को सलामी दी। इसके बाद समस्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को डीजीपी के संदेश को पढ़कर सुनाया। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने पुलिस कार्यालय में मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों को झंडा दिवस के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दिया। 

उन्होंने पुलिस कार्मिकों को मेहनत व लगनशीलता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया। बताया कि प्रतिवर्ष 23 नवंबर को यूपी में पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। यूपी पुलिस प्रथम राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान के फलस्वरूप 23 नवम्बर, 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री द्वारा पुलिस ध्वज प्रदान किया गया। आज ही के दिन पीएसी बल को भी ध्वज मिला था। 

23 नवंबर 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर व ध्वज प्रदान किया था। ध्वज का आकार चार फीट लंबा व तीन फीट चौड़ा, ध्वज में दो रंग है। इसमें ऊपर लाल रंग व नीचे नीला रंग है। इसी दिन पीएसी बल को भी ध्वज प्रदान किया गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस के इतिहास में 23 नवंबर का दिन विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर एसपीआरए अभिषेक भारती, गोपीनाथ सोनी, गौरव कुमार सहित आदि मौजूद रहे।

'