Today Breaking News

चार दिन बाद कड़ाके की ठंड के लिए रहें तैयार, तापमान गिरने का अलर्ट

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में चार दिन बाद कड़ाके की ठंड के लिए तैयार हो जाइए। मौसम वैज्ञानिकों ने तापमान में गिरावट की चेतावनी दी है। खास यह कि न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान गिरने की संभावना है। कोहरा बढ़ने के भी आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी का असर बढ़ने जा रहा है। पछुआ एक बार फिर से जोर पकड़ने जा रही है। जिस पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ दिनों से मौसम में हल्की गुनगनाहट थी वह खत्म हो चला है। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि अगले दो तीन दिनों में तापमान गिरेगा।

यह गिरावट दो डिग्री या इससे अधिक हो सकती है। ऐसे में शाम के बाद ठिठुरन बढ़ेगी। दिन के तापमान में भी बदलाव होगा। मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से पछुआ हवाएं कमजोर पड़ गई थीं। ऐसे में सूर्य की तीखी धूप धरती की सतह को ठंडा नहीं होने दे रही थी। परिणाम स्वरुप पिछले कुछ दिनों से दिसम्बर में भी नवम्बर की शुरआत जैसी ठंड का एहसास हो रहा था। अब सिस्टम कमजोर पड़ चुका है। पछुआ हवाओं ने भी तेजी पकड़ ली है। 

वहीं, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 27.6 दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 12.3 रहा। यह सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सोमवार के बारे में मौसम केन्द्र का पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है। सुबह हल्का कोहरा रहा। पिछले दो दिनों से मौसम सामान बना हुआ है। दिन में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार 15 दिसंबर तक तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होगा लेकिन 16 से तापमान में गिरावट की आशंका है।

'