गाजीपुर में हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी, मकर संक्रांति पर दिखा उल्लास
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। पूरी आस्था के साथ लोगों ने गंगा स्नान किया। मकर संक्रांति पर लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई और गरीबों को दान देकर पुण्य के भागी बने। उमंग और उल्लास के बीच श्रद्धालुओं ने खिचड़ी का पर्व मनाया। वैसे कुछ ग्रामीण इलाकों में शनिवार को ही मकर संक्रांति मनाई गई थी।
सुबह से ही गंगा घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ लगी रही। उधर पतंग की दुकानों के साथ ही लाई, चूड़ा की दुकानों पर खरीददार उमड़ पड़े। लोगों ने दही-चूड़ा के साथ खिचड़ी का भी सेवन किया। मुहुर्त के अनुसार, लोगों ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया। सुबह होते ही लोग स्नान के लिए गंगा घाट को चल दिए। हालांकि कड़ाके की ठंड श्रद्धालुओं के आस्था में बाधक नहीं बनी। लोगों ने गंगा स्नान के बाद पूजन-अर्चन किया।
गंगा स्नान का जो क्रम भोर से शुुरू हुआ वह दोपहर तक चलता रहा। प्रमुख घाटों पर भीड़ के चलते मेले जैसी स्थिति बनी रही। स्नान के बाद घाटों पर स्थित मंदिरों पर मौजूद ब्राह्मणों से स्नानार्थियों ने पूजन अर्चन कराने के बाद दान भी दिया। जो लोग घाटों तक नहीं जा सके, उन्होंने घर में स्नान कर पूजा-पाठ कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद लोगों ने चूड़ा और दही का सेवन किया।
रविवार होने से बढ़ा महत्व
इस बार मकर संक्रांति का पर्व रविवार 15 जनवरी को माघ मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जा रहा है। इस दिन रविवार होने से मकर संक्रांति का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। वैसे तो सूर्य देव शनिवार की रात्रि में ही मकर राशि में प्रवेश कर गए। लेकिन संक्रांति का पर्व उदया कालीन तिथि में रविवार के दिन ही मनाया जा रहा है। इस दिन उत्तर भारत में पतंग उड़ाने की भी प्रथा प्रचलित है। लोग पतंगबाजी का कंपटीशन भी करते हैं और इस दिन को हर्षोल्लास से मनाते हैं।