Today Breaking News

गाजीपुर जिले की आफिया और आलिया ने जिम्नास्टिक में अपने दम पर रचा इतिहास; लोग उड़ाते थे मजाक

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. Ghazipur News: गाजीपुर जिले की आफिया जमाल और आलिया जमाल ने अपने दम पर अपनी पहचान बनाई है। जिम्नास्टिक खेल में दोनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। अपनी पहचान के साथ बारा गांव (Bara Village) को भी उन्होंने एक नई पहचान दी है। गाजीपुर जिले (Ghazipur District) के बारा गांव (Bara Village) की रहने वाली दोनों बहनें राष्ट्रीय स्तर पर जिले और अपने परिजन का नाम रोशन कर रहीं है। वह भी एक ऐसे खेल में जिसमें दक्ष होने के लिए जी-तोड़ मेहनत करनी पड़ती है। आफिया और आलिया दोनों बहनों ने जिम्नास्टिक में अपने शौक को अपना इस कदर मुकाम बनाया कि दोनों राष्ट्रीय स्तर की खिलाडी बन गईं।

आफिया जमाल और आलिया जमाल दोनों सगी बहने हैं। गाजीपुर के गंगा किनारे और बिहार के बॉर्डर पर बसे गांव बारा की रहने वाली हैं। दोनों बहनों ने प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही पूरी की। दोनों बहनों की खेल में बचपन से ही रुचि थी। लेकिन, गांव में रहकर वे ग्राउंड पर प्रैक्टिस करने में सहज नहीं हो पाती थी। ऐसे में 2015 में इनके पिता अपनी दोनों बेटियों को लेकर चंडीगढ़ चले गए। वहीं पर दोनों की आगे की पढ़ाई शुरू कराई। पिता तनवीर आलम ने सेना से रिटायरमेंट के बाद चंडीगढ़ में रहने की योजना बनाई। इसके बाद दोनों बहनों ने जिम्नास्टिक में अपना करियर बनाने के लिए जी- जान लगा दिया।

आफिया ने इंटरव्यू में कहा कि उनके गांव में लोग जिम्नास्टिक को सर्कस समझते हैं। इस खेल को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। जब उन्होंने अपनी बहन के साथ अभ्यास शुरू किया तो हर जगह से तरह-तरह की बातें सुनने को मिलती थी। मन में एक जुनून था कि आलोचकों को सफलता से ही चुप कराया जा सकता है। दोनों बहनों की कामयाबी से गांव में उन्हें जानने वाले लोग जिम्नास्टिक को गंभीरता से लेने लगे हैं।

आफिया ने बताया कि वह अंडर- 17 और इनकी छोटी बहन आलिया अंडर- 14 स्तर पर खेलती है। अब तक दोनों बहनों ने राष्ट्रीय स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है। गोल्ड, कांस्य और सिल्वर मेडल जीता है। आफिया को लगातार दूसरे साल बेस्ट प्लेयर के खिताब के लिए चुना गया है। आफिया ने यह भी बताया कि 5 नवंबर से होने वाले नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप उनका और उनकी बहन का सेलेक्शन हुआ है। आफिया के अनुसार अब दोनों बहनों को जिम्नास्टिक खेल में ही अंतरराष्ट्रीय मुकाम पाना एक मात्र लक्ष्य है।

'