Today Breaking News

पीछा करती रही गाजीपुर पुलिस, बालू लदा ट्रैक्टर लेकर फरार हुआ मनबढ़ चालक - Ghazipur News

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जमानियां (Zamania News) क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित गंगा नदी पर बना सेतु इन दिनों अवैध बालू परिवहन के खेल का सुलभ मार्ग बन गया है। क्षेत्र में लाल बालू माफिया इन दिनों सक्रिय हो गए हैं। पुलिस भी इन्हें रोकने में नाकाम है। 

डेमो फोटो

पुलिसकर्मी रोकने का प्रयास करते हैं, लेकिन मनबढ़ रोकने के बजाय पुलिस कर्मियों को अपने पीछे भगा रहे हैं। सेतु पार होने के बाद करंडा थाना क्षेत्र पड़ता है। जिस कारण से पुलिस पकड़ने में असमर्थता जता रही है। शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे एक बोगा में लाल बालू लदा ट्रैक्टर सेतु पार करने के लिए पहुंचा। 

पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोकने का इशारा किया, लेकिन बालू माफियाओं की सह पर मनबढ़ चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर चालक का पीछा किया और कई बार उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी और चालक बेतहाशा ट्रैक्टर भगाता गया। 

इस दौरान दो बार पुलिसकर्मी ट्रैक्टर की चपेट में आने से बार बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस वापस लौट गए। इस संबंध में एसडीएम डा. हर्षिता तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। समय समय पर चेकिंग की जाती है।

'