Today Breaking News

आज का मौसम: बारिश ने सुधारी हवा की गुणवत्ता, गिरा तापमान, जानें कैसा रहेगा मौसम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी के कई जिलों में शनिवार को हुई बारिश ने पूरे माहौल को बदल दिया है। बारिश से हवा के गुणवत्ता सूचकांक में बढ़ोत्तरी हुई। साथ ही पारे में भी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम और ठंडा हो सकता है। 

राजधानी में शनिवार तड़के हुई दो मिमी बारिश ने लखनऊ की हवा की सेहत सुधार दी। शुक्रवार को लखनऊ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) औसत 289 था, जो शनिवार को 134 पर आ गया। दिवाली से पहले मौसम में आया यह बदलाव राहत पहुंचाने वाला है।

शनिवार को गोमतीनगर में 86 और कुकरैल पिकनिक स्पॉट में एक्यूआई 91 रहा। शुक्रवार को 400 एक्यूआई पार कर जहरीली हुई तालकटोरा की हवा शनिवार को साफ हुआ। यहां एक्यूआई 175 पर आ गई। हालांकि, लालबाग में एक्यूआई 200 पार रहने से यहां की हवा अभी भी खराब है। शुक्रवार को भी यह बहुत खराब की श्रेणी में थी। केंद्रीय विद्यालय के पास 151 और डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के पास एक्यूआई 101 पर आ गया।

दिन का पारे में गिरावट

 मौसम बदलने से शनिवार तड़के हुई बारिश से दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया। शुक्रवार के मुकाबले यह 2.3 डिग्री की गिरावट के साथ 27.7 डिग्री से. दर्ज हुआ। रात के पारे में न के बराबर बदलाव रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगलते दो-तीन दिनों में लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट के आसार हैं।

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश से ठंडक ने दस्तक दे दी है। मौसम में आए बदलाव के बीच हुई बर्फबारी से कश्मीर का सड़क मार्ग से देश के अन्य भागों से संपर्क टूट गया। हिमाचल में मनाली-लेह मार्ग और अटल टनल बंद करनी पड़ी। वहीं, उत्तराखंड में बदरी-केदार घाटी में बर्फ की सफेद चादर बिछने के बाद पारा मानइन से 9 डिग्री नीचे तक चला गया।

बर्फ से पटे केदार और बद्रीनाथ

उत्तराखंड में बदरी-केदार में तीसरे दिन भी मौसम खराब रहा और जमकर बर्फबारी हुई जिससे यहां बर्फ की चादर बिछ गई है। बर्फ गिरने से दोनों धामों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रद्धालुओं ने ठिठुरते हुए भगवान के दर्शन किए। बदरीनाथ में न्यूनतम तापमान माइनस 7 और अधिकतम 8 डिग्री रहा। जबकि केदारनाथ में अधिकतम तापमान 3 और न्यूनतम माइनस 9 डिग्री रहा। केदारनाथ में दो घंटे तक बर्फबारी होने के कारण यहां 4 इंच ताजी बर्फ जमी। जिससे पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित रहे। इसके अलावा फूलों की घाटी, हेमकुंड साहिब, गोरसों में भी बर्फबारी हुई है।

'