Today Breaking News

चुनाव से पहले चंदा जुटाएगी बीजेपी, 5 रुपए भी कर सकते हैं दान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा आम लोगों तक अपनी विचाराधारा पहुंचाने और उनसे दिली रिश्ते जोड़ने के लिए 'माइक्रो डोनेशन' अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं से नमो एप के माध्यम से माइक्रो डोनेशन के लिए लोगों से जुड़ने का आग्रह करेगी।

मिनिमम 5 रुपए तक कर सकेंगे दान
बुधवार को केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने जिला पदाधिकारियों संग बैठक कर माइक्रो डोनेशन अभियान की योजना तैयार की। उन्होंने बताया कि जिले के सभी कार्यकर्ता एवं अन्य सभी आम जनता भी 5, 50, 100, 500, 1000 और 2000 रुपए या इससे अधिक भी दान दे सकते हैं।
कनेक्शन की संख्या कर सकेंगे ट्रैक
जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि अधिकतम संख्या में लोगों से जोड़ने वाले कार्यकर्ताओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता नमो एप में निर्मित एक विशेष रेफरल कोड के माध्यम से उन कनेक्शनों की संख्या को ट्रैक कर सकते हैं।
बताया कि प्रदेश, क्षेत्र, जिला पदाधिकारियों, मंडल, शक्तिकेंद्र, बूथ के कार्यकर्ताओं के अलावा वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य, पार्षद, सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभाग के कार्यकर्ता अभियान में जुटेंगे। वर्तमान एवं पूर्व दायित्व वाले कार्यकर्ता कम से कम 10 व्यक्तियों से माइक्रो डोनेशन कराएंगे।
25 और 26 दिसंबर को होंगे विशेष आयोजन
वहीं भाजपा 26 दिसंबर का दिन भाजपा वीर बालक दिवस के रूप में मनाएगी। दसवें सिख गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्रों साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह की स्मृति में यह दिवस मनाया जाएगा।
इसके अलावा 25 दिसंबर को देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई के जन्म दिवस पर बूथ स्तर पर सुसाशन दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में होंगे आयोजन
इसको लेकर बुधवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मुख्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं क्षेत्र के मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने 17 संगठनात्मक जिलों के सभी 254 मंडलों में जिम्मेदारी बांट दी।
'